नहीं थमी रार: पंजाब कांग्रेस के नए प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने संभाला पदभार, सिद्धू ने माफिया राज को बताया पार्टी की हार की वजह
पंजाब कांग्रेस के नए प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में पदभार संभाला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने शुक्रवार को सेक्टर 15 स्थित कांग्रेस भवन में अपना पदभार संभाल लिया। इस मौके पर उन्होंने पार्टी की मजबूती के लिए 3-डी (अनुशासन, समर्पण और संवाद) का मंत्र दिया है। पार्टी में अनुशासन की जरूरत पर बल देते हुए वड़िंग ने कहा कि यह सबसे अधिक महत्वपूर्ण है, क्योंकि कोई भी संस्था चाहे वह राजनीतिक हो या फिर व्यापारिक, अनुशासन के बिना आगे नहीं बढ़ सकती।
उन्होंने आपसी संवाद की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि कोई भी अकेला सब कुछ नहीं कर सकता। उसे टीम वर्क के साथ सबको साथ लेकर चलना चाहिए। उन्होंने पार्टी के साथियों को पूरी तरह से समर्पण की भावना के साथ कार्य करने की अपील की और भरोसा दिया कि वह अपने मिशन में सबको साथ लेकर चलेंगे।
वह सुनिश्चित करेंगे कि पार्टी के भीतर आपसी संवाद और विचार-विमर्श बना रहे, ताकि हर किसी की बात सुनी जा सके। कार्यक्रम के दौरान भारत भूषण आशु ने कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाल लिया। समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, पंजाब कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा, विधायक सुखपाल खैरा, तृप्त राजिंदर बाजवा, सुखजिंदर सिंह रंधावा, सुखबिंदर सरकारिया, सांसद मनीष तिवारी, जसबीर डिंपा और पार्टी के अन्य नेता शामिल थे। कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू पार्टी कार्यालय आए लेकिन अन्य नेताओं के साथ मंच साझा नहीं किया।
सिद्धू मंच पर नहीं बैठे, जाखड़ नहीं आए
पार्टी के पूर्व प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू भी इस कार्यक्रम में पहुंचे लेकिन वह मंच पर नहीं गए। हालांकि कार्यक्रम के दौरान ही वह राजा वड़िंग से गले मिले लेकिन आज उनका अंदाज बिल्कुल जुदा था। चेहरे पर खुशी और आत्मीयता से गले मिलने का अंदाज दिखाई नहीं दिया। यह भी गौरतलब है कि हाईकमान द्वारा राजा वड़िंग को प्रधान घोषित करने के बाद से अब तक सिद्धू ने न तो उनसे कभी फोन पर बात की और न ही उनसे मुलाकात ही की। वहीं, पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ भी नजर नहीं आए।
माफिया राज के कारण हारी पार्टी: सिद्धू
शुक्रवार को राजा वड़िंग की ताजपोशी से पहले नवजोत सिंह सिद्धू ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस पांच साल के माफिया राज के कारण विधानसभा चुनाव हारी। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री तक माफिया में शामिल थे। उल्लेखनीय है कि कई नेता पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के लिए पूर्व प्रदेश प्रधान नवजोत सिद्धू की बयानबाजी और धड़ेबंदी को जिम्मेदार ठहराते रहे हैं, जिसके जवाब में सिद्धू ने कभी कुछ नहीं कहा था।