पंजाब और हरियाणा के बाद चंडीगढ़ में भी वीकेंड लॉकडाउन, बंद रहेंगे सरकारी दफ्तर और दुकानें
- प्रशासन ने देर रात जारी किए आदेश, एडवाइजर ने किया ट्वीट- रेस्टोरेंट, होटल और निजी दफ्तर खुलेंगे
- विस्तृत आदेश जारी नहीं होने की वजह से विभिन्न विषयों पर असमंजस की स्थिति
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब और हरियाणा के बाद शुक्रवार देर रात चंडीगढ़ प्रशासन ने भी वीकेंड लॉकडाउन का एलान कर दिया। एडवाइजर मनोज परिदा की तरफ से इस संबंधी देर रात आदेश जारी किए गए। इसके अलावा प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने भी ट्वीट कर लॉकडाउन की जानकारी दी। आदेशों के अनुसार, अब से हर शनिवार और रविवार को शहर के सभी बाजार और सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे। इस दौरान अनिवार्य सेवाओं से जुड़ी दुकानें खुली रहेंगी।
कोरोना वायरस के बढ़ते मामले को देखते हुए पहले पंजाब ने और फिर शुक्रवार को हरियाणा ने वीकेंड लॉकडाउन का एलान किया है। एडवाइजर मनोज परिदा के अनुसार वीकेंड लॉकडाउन के दौरान निजी दफ्तर, होटल और रेस्टोरेंट खुले रह सकते हैं लेकिन दुकानें, शॉपिंग मॉल, मार्केट और सरकारी दफ्तर पूरी तरह से बंद रहेंगे। इसके अलावा शहर में लोगों के घूमने पर पाबंदी नहीं रहेगी। वीकेंड लॉकडाउन को लेकर विस्तृत आदेश जारी नहीं होने की वजह से कई विषयों पर असमंजस की स्थिति है।
गौरतलब है कि चंडीगढ़ प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने ट्राइसिटी के अधिकारियों के साथ दोपहर 12 बजे बैठक की थी, जिसमें वीकेंड लॉकडाउन लगाने के प्रस्ताव को टाल दिया था लेकिन फिर शाम को पंजाब के बाद हरियाणा ने भी वीकेंड लॉकडाउन का एलान कर दिया। इसलिए आनन-फानन में शुक्रवार देर रात चंडीगढ़ में वीकेंड लॉकडाउन का एलान किया गया। अधिकारियों का कहना था कि अगर चंडीगढ़ में वीकेंड लॉकडाउन नहीं लगाया जाता को पंचकूला और मोहाली में वीकेंड लॉकडाउन होने की वजह से लोग चंडीगढ़ की तरफ रुख करते, इससे स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
आज से लागू होंगे आदेश, जिम भी रहेंगे बंद
एडवाइजर मनोज परिदा ने बताया कि जारी किए यह आदेश शनिवार से ही लागू हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस दौरान शहर में जिम बंद रहेंगे लेकिन सार्वजनिक परिवहन पहले की तरह ही चलते रहेंगे। इंडस्ट्रियल एरिया स्थित फैक्ट्रियां खोली जा सकेंगी और कर्मचारियों के भी काम करने पर कोई पाबंदी नहीं है। शहर में कैब सर्विस भी पहले की ही तरह चलती रहेगी। गांव व कालोनियों में भी दुकानों के खोलने पर पाबंदी रहेगी। हालांकि अनिवार्य सेवाओं से जुड़ी दुकानें जैसे, केमिस्ट शॉप, किराने की दुकानें आदि खोली जा सकेंगी।
शहर में अब तक 11516 लोगों ने बनवाया हेल्थ कार्ड
बैठक में पीजीआई के डायरेक्टर प्रोफेसर प्रो. जगतराम ने बताया कि कोविड वार्ड में 148 कोरोना के मरीज भर्ती हैं, जिनमें से 46 चंडीगढ़ से संबंध रखते हैं जबकि 60 पंजाब से, 16 हरियाणा से, 12 हिमाचल प्रदेश से संबंध रखते हैं। डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज डॉक्टर जी दीवान ने बताया कि शहर में डिजिटल हेल्थ कार्ड लांच करने के बाद से अब तक 11,516 लोगों ने खुद को पंजीकृत कराया है और ऑनलाइन डिजिटल कार्ड प्राप्त किया है। गौरतलब है कि यह सुविधा 2 दिन पहले ही प्रशासन वीपी सिंह बदनौर द्वारा लांच की गई थी।
बदनौर ने दिया ‘3 डब्ल्यू’ का मंत्र
प्रशासक वीपी सिंह बदनौर में शहर के पार्षद, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन, सभी एनजीओ व समाजसेवियों से आग्रह किया कि वह ऐसे व्यक्तियों की पहचान करें और स्वास्थ्य विभाग को जानकारी दें, जिनमें कोरोन वायरस के लक्षण दिखाई दे रहे हों। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा होगा तो समय पर ऐसे लोगों का इलाज हो सकेगा और संक्रमण को फैलने से रोका जा सकेगा। प्रशासन के अधिकारियों को सुझाव दिया कि वह ‘3 डब्ल्यू’ जैसे कि ‘वॉश योर हैंड’, ‘वेयर योर मास्क’, ‘वॉच योर डिस्टेंसिंग’ को लेकर जागरूकता फैलाएं।
प्रशासन के फैसले से व्यापारियों में नाराजगी
देर रात वीकेंड पर लॉकडाउन लगाने और दुकानें बंद करने के फैसले पर शहर के व्यापारियों ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि प्रशासन के आदेश से जाहिर होता है कि शहर में कोरोना दुकानदारों की वजह से फैल रहा है और जो भी केस बढ़ रहे हैं, उसके लिए शहर के व्यापारी जिम्मेदार हैं। व्यापारियों ने सवाल उठाया कि क्या दुकानें बंद करने और लोगों की आवाजाही पर रोक न लगाने से कोरोना के केस का कम हो जाएंगे।
सेक्टर- 23 के व्यापारी नेता मिंटू बजाज, प्रिंस बंसल और परमजीत सिंह का कहना है कि लॉकडाउन की वजह से पूरा व्यापार चौपट हो गया था। अब जाकर पटरी पर आने लगा था। पहले प्रशासन ने ऑड-ईवन लगाया। उसके बाद वीकेंड लॉकडाउन कर दिया। इस हिसाब से महीने में छोटे व्यापारी की सिर्फ 7 दिन दुकानें खुलेंगी। क्या इन 7 दिनों में व्यापारी अपनी दुकान और जो कर्मचारी काम करते हैं, उनका खर्चा निकल पाएगा।
व्यापार मंडल ने प्रशासन से पहले भी गुहार लगाई थी कि वीकेंड लॉकडाउन ना करें। इसके बावजूद प्रशासन ने व्यापारियों से बिना बात किए दुकानें बंद करने का फैसला ले लिया। यदि दुकानें बंद करने के साथ लोगों की आवाजाही पर भी रोक लगती तो फैसले की गंभीरता समझ में आती। प्रशासन के इस फैसले से व्यापारी काफी निराश है। इस फैसले के विरोध में आज सेक्टर- 23 में सभी व्यापारी दुकानों के आगे सब्जी बेचेंगे, क्योंकि व्यापारी भले ही शोरूम का खर्च ना निकाल पाए लेकिन वह देश की अर्थव्यवस्था के लिए टैक्स जरूर भरेगा।