विवादित बोल, 'सभी ईसाई और मुस्लिमों के पूर्वज हिंदू'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बयानों से सुर्खियों में रहने वाले गोरखपुर से भाजपा सांसद महंत आदित्यनाथ योगी ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा, डीएनए पर हुए शोध से भी साबित हो गया है कि हर भारतीय का जींस एक ही है। देश में जो 15 फीसदी मुस्लिम व 8 प्रतिशत ईसाई हैं, वे पहले हिंदू ही थे।
परिस्थितियों के दबाव में उनके पूर्वज हिंदू से मुस्लिम या ईसाई बन गए। वे सोमवार को विश्व हिंदू परिषद की 50वीं वर्षगांठ पर हुडा कांप्लेक्स में हुए कार्यक्रम में बोल रहे थे। महंत ने कहा, आज देश को सबसे बड़ा खतरा उन सेक्यूलरिस्टों से है, जो वोट बैंक की राजनीति के लिए दंगे करवाते हैं।
ऐसे लोग हिंदू धर्म की आलोचना कर सत्ता तक पहुंचाना चाहते हैं। समय रहते हिंदू समाज को जगाना होगा। हरियाणा की बात करते हुए महंत ने कहा कि यहां हिंदू बाहुल्य वाले जिले रोहतक, झज्जर और सोनीपत में कभी कानून व्यवस्था को लेकर दिक्कत नहीं आती। यहां मुस्लिम या ईसाई समाज को उनके त्योहारों पर कोई परेशानी नहीं होती। फिर ऐसा क्यों है कि मेवात में हिंदू समाज के लोग खुलकर होली या दिवाली नहीं मना पाते?
'खत्म हो जाएगा मुस्लिम व ईसाई धर्म'
छुआछूत और जातिवाद पर कटाक्ष करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि मुगल काल में जब हिंदुओं पर जजिया कर लगा दिया गया, तब अपने धर्म पर अडिग रहे शूद्र समुदाय ने धर्म बदलने की जगह मैला ढोना स्वीकार किया था। ऐसे लोग अछूत कैसे हो सकते हैं। छुआछूत और जातिवाद की बात करने वाले हिंदुत्व की राह में सबसे बड़ी बाधा हैं। उन्होंने हिंदुत्व को धर्म नहीं, जीवन पद्धति बताया।
संक्रमण काल से गुजर रहा है देश: महंत चांदनाथ
अलवर से भाजपा सांसद और मस्तनाथ मठ के महंत चांदनाथ ने कहा कि देश संक्रमण काल से गुजर रहा है। पाकिस्तान व बांग्लादेश के बाद कश्मीर घाटी से भी हिंदुओं को निकाल दिया गया, लेकिन हिंदू समाज चुप बैठा रहा। देश में हिंदुत्व को हिंदुओं से ही खतरा हैं।
जिस तरह जंगल में कुल्हाड़ी लकड़ी के डंडे के बिना पेड़ नहीं काट सकती, उसी तरह कुछ लोगों की शह के बिना बाहरी दुश्मन देश का कुछ नहीं बिगाड़ सकते। कहा, कुछ लोग भाजपा पर आरोप लगते हैं कि वह धर्म के नाम पर राजनीति करती है, लेकिन जहां-जहां भाजपा की सरकार है, वहां दंगे नहीं होते। समय रहते हिंदू समाज नहीं जागा तो 50 साल बाद संभलने का मौका नहीं मिलेगा।
'हिंदू धर्म की शरण में आ जाना चाहिए'
कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय संयुक्त महामंत्री डॉ. सुरेंद्र जैन ने कहा कि दुनिया में मुस्लिम व ईसाई धर्म खत्म हो जाएगा। भारत में रह रहे मुस्लिम व ईसाई धर्म के लोगों को भी हिंदू धर्म की शरण में आ जाना चाहिए। देश में रह रहे मुस्लिम व ईसाईयों के पूर्वज हिंदू ही रहे हैं, ऐसे में घर वापसी से उन्हें बचाया जाएगा।