खुफिया अलर्ट के बाद अंबाला में सेना ने घोषित किया ‘रेड अलर्ट’, चप्पे-चप्पे पर जवान तैनात
खुफिया अलर्ट के बाद अंबाला में सेना ने ‘रेड अलर्ट’ घोषित कर दिया है। सैन्य क्षेत्र में प्रवेश करने वाले मार्गों पर जवानों को तैनात कर अस्थाई चौकियां भी बना दी गई है। इसके अलावा माल रोड स्थित कोर हेडक्वार्टर के आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित किले में तब्दील कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक सेना को गत दिनों ही खुफिया अलर्ट मिला था कि अंबाला में संदिग्ध दाखिल हो सकते हैं। इसको लेकर सुरक्षा का यह पहरा बढ़ाया गया है जोकि आगामी कुछ दिनों तक जारी रहेगा। हालांकि शुक्रवार को भी सेना ने चेकिंग शुरू कर दी थी, अब शनिवार को चेकिंग का दायरा पहले से ज्यादा बढ़ा दिया गया है। इतना ही नहीं कैंटोनमेंट बोर्ड ने भी शनिवार को पब्लिक नोटिस जारी कर नागरिकों को रेट अलर्ट होने की जानकारी दी है और उनसे सुरक्षा में सहयोग का आह्वान किया है।
बोर्ड ने साथ ही लोगों को यह हिदायत भी दी है कि यदि वह सैन्य इलाके में प्रवेश करें तो अपना पहचान पत्र साथ अवश्य रखें। सूत्र बताते हैं कि सेना को खुफिया इनपुट मिला था कि अंबाला में राष्ट्र विरोधी कुछ संदिग्ध दाखिल हो सकते हैं। यह इनपुट मिलने के बाद सेना अलर्ट पर आ गई। शनिवार को सेना ने मुख्य माल रोड के अलावा एलेक्जेंड्रा रोड, सेना नगर से कैंट में प्रवेश करने वाले मार्ग, कैपिटल चौक, काली पलटून पुल, आनंद मार्केट, सैन्य क्षेत्र के साथ लगते कौलां आदि क्षेत्रों में अस्थाई चौकियां बना ली है। यहां पर हथियारबंद जवानों को उपकरणों के साथ तैनात कर दिया गया है।
इससे पहले पठानकोट हमले के दौरान बढ़ी थी सुरक्षा
सैर करने वालों को भी ले जाना होगा आईकार्ड
सुरक्षा की दृष्टि को देखते हुए सेना किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाना चाहती। सेना क्षेत्र में सुबह और शाम के समय सैर करने वालों के आईकार्ड भी इस दौरान चेक किए जा सकते हैं। आईकार्ड न होने की स्थिति में उन्हें सेना क्षेत्र में दाखिल होने से रोका जा सकता है। बता दें कि सैन्य क्षेत्र में सैकड़ों आम नागरिक सुबह और शाम के समय सैर के लिए आते हैं। सबसे ज्यादा संख्या माल रोड पर रहती है। सुबह व शाम के समय माल रोड को केवल वॉकिंग करने वाले लोगों के लिए ही बंद किया जाता है। इसके अलावा पटेल पार्क व अन्य सड़कों पर भी वॉकिंग करने के लिए लोग प्रतिदिन आते-जाते हैं। रेड अलर्ट के दौरान वॉकिंग करने वालों को भी थोड़ी परेशान हो सकती है।
अंबाला के सैन्य क्षेत्र में इससे पहले जनवरी 2016 में पठानकोट एयरबेस पर हमले के समय सुरक्षा का पहरा इतना मजबूत किया गया था। सुरक्षा के लिए कई टीमों को तैनात किया गया था।
ब्रिगेडियर एसएस सिद्धू, स्टेशन सेल, अंबाला ने कहा कि, आईकार्ड अपने साथ रखना हमेशा फायदेमंद रहता है। सुबह की सैर करने वालों के अलावा अन्य नागरिकों को ऐसा करना चाहिए। आगामी कुछ दिनों तक चौकसी ज्यादा रहेगी और नागरिकों का सहयोग इसमें आवश्यक है।
अजय बवेजा, उपाध्यक्ष, कैंटोनमेंट बोर्ड, अंबाला ने कहा कि, सुरक्षा को लेकर पब्लिक नोटिस जारी किया गया है। राष्ट्रीय सुरक्षा के मामले में नागरिकों को इसमें सहयोग देना चाहिए। सेना क्षेत्र में आते-जाते समय नागरिक अपनी पहचान से संबंधित पुख्ता प्रमाण पत्र रखें, जिससे उन्हें किसी तरह की असुविधा न हो।