लॉकडाउन का एक साल : चंडीगढ़ में इन जगहों पर अब भी लगा है ताला
- चंडीगढ़ में लॉकडाउन का एक साल पूरा
- कई जगह अब भी हैं बंद
- प्राइमरी स्कूल नहीं खोले गए, पीजीआई की ओपीडी भी नहीं खुली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ को कोरोना वायरस से लड़ते हुए एक साल बीत गया, लेकिन अब भी कुछ जगहों पर लॉकडाउन लगा हुआ है। जो हालात एक साल पहले थे, उनमें कोई भी बदलाव नहीं आया। इससे कई लोगों पर गहरा असर पड़ा है। सैकड़ों की संख्या में लोगों को नौकरी से हाथ धोना पड़ा। लोग तनाव में आ गए। सरकार की ओर से भी इन्हें कोई रियायत नहीं दी गई। एक नजर डालते हैं उन पर, जहां अब भी लॉकडाउन जैसी स्थिति बनी हुई है।
बंद हैं प्राइमरी तक के स्कूल
लॉकडाउन के बाद से अब तक प्राइमरी स्कूल बंद हैं। विद्यार्थियों की पढ़ाई अब भी ऑनलाइन चल रही है। हालांकि इसका असर विद्यार्थियों की क्षमता पर भी पड़ रहा है। कोरोना के केस कम होने पर प्राइमरी स्कूल को खोलने की बात पर विचार चला था, लेकिन दोबारा से केस बढ़ने पर फिलहाल आगे भी स्कूल बंद रहेंगे।
थम गए स्कूल बसों के चक्के
स्कूल बंद होने से प्राइवेट स्कूलों के बसों के चक्के भी थमे हुए हैं। इससे बड़ी संख्या में ड्राइवर बेरोजगार हो गए। घर चलाने के लिए उन्हें दूसरा रास्ता तलाशना पड़ा। अभी कोई उम्मीद भी नहीं दिख रही कि ये बसें कब तक चलेंगी। इससे कई ट्रांसपोर्टरों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
पीजीआई की ओपीडी नहीं खुली
पूरा एक साल हो चुका, लेकिन अब तक पीजीआई की ओपीडी नहीं खुली है। ऑनलाइन पंजीकरण कराने वाले मरीजों को ही सिर्फ देखा जा रहा है। इससे उन मरीजों को काफी नुकसान पहुंचा है, जो गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे। पीजीआई में एक साल में ओपीडी में करीब 28 लाख मरीजों को देखा जाता है। पिछले मार्च से लेकर अब तक सिर्फ चार से पांच लाख मरीजों को देखा गया है।
पंजाब यूनिवर्सिटी भी अब तक बंद
पंजाब विश्वविद्यालय अब तक नहीं खुला है। इसके लिए अधिकारिक कोई भी आदेश जारी नहीं हुए हैं। पीयू में हर साल 16 हजार से अधिक विद्यार्थी पढ़ाई करते हैं जो फिलहाल ऑनलाइन पढ़ रहे हैं। शोधार्थियों को जरूर बुलाया गया है, जो छात्रावासों में रह रहे हैं। पीयू न खुलने से छात्रों को दिक्कतें हो रही हैं क्योंकि शिक्षण कार्य ऑनलाइन प्रणाली से प्रभावी नहीं हो पा रहा है।
गर्मी आई.. पर स्वीमिंग पूल बंद
गर्मी फिर से आ गई है, लेकिन स्वीमिंग पूल कब खुलेंगे, इस बारे में कोई नहीं बता सकता। पूरे साल स्वीमिंग पूल बंद रहे। इस दौरान सेक्टर-23 का ऑल वेदर स्वीमिंग पूल खोला गया है, लेकिन सिर्फ खिलाड़ियों के लिए। जिस तेजी से केस बढ़ रहे हैं, उससे यही कयास लगाए जा रहे हैं कि अभी फिलहाल स्वीमिंग पूल बंद रहेंगे।