ओमिक्रॉन: पंजाब में अब किशोरों को भी लगेगा कोरोना का टीका, कम टीकाकरण वाले क्षेत्रों को किया जा रहा चिन्ह्ति
पिछले कुछ दिनों में पंजाब में कोरोना संक्रमण में इजाफा हुआ है। इसके बावजूद लोग टीकाकरण के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। पंजाब अभी तक टीके की पहली डोज देने में भी शत प्रतिशत सफलता हासिल नहीं कर पाया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में बढ़ते कोरोना संक्रमण और ओमिक्रॉन के संभावित खतरे को देखते हुए अब किशोरों का टीकाकरण किया जाएगा। केंद्र ने राज्य सरकार को इस कार्य के लिए कम टीकाकरण होने वाले जिलों को चिह्नित करने को कहा है। पहले चरण में केंद्र सरकार के इस टीकाकरण अभियान में 12 से 17 साल आयु वर्ग के किशोरों को शामिल किया जाएगा। पंजाब की पूरी आबादी टीकाकरण से अभी दूर है, दूसरी डोज लेने की रफ्तार काफी धीमी है।
पंजाब में पिछले कुछ दिनों से संक्रमण की दर में इजाफा हुआ है। साथ ही संक्रमितों की मौत के मामले भी हर रोज आने लगे हैं। ओमिक्रॉन के संभावित खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने रोज होने वाले टेस्टों की संख्या में भी 40 हजार की बढ़ोतरी कर दी है। साथ ही सभी जिलों के अधिकारियों को भी ओमिक्रॉन प्रभावित 11 देशों से आने वालों पर विशेष नजर रखने की हिदायत दी है।
16 हजार संक्रमितों की हो चुकी है मौत
अब तक पंजाब में 1.62 करोड़ लोगों के नमूने लिए जा चुके हैं। जिनमें छह लाख से अधिक लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। अच्छी बात यह है कि कुल संक्रमितों की संख्या में से 5.8 लाख लोग स्वस्थ भी हो चुके हैं। अब तक पंजाब में 16608 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। उपमुख्यमंत्री ओपी सोनी ने बताया कि केंद्र की ओमिक्रॉन को लेकर जारी गई नई गाइडलाइन के अनुरूप प्रदेश में कार्य शुरू कर दिया गया है। किशोरों के टीकाकरण को लेकर जिलों को चिन्ह्ति करने का काम किया जा रहा है।
1.66 करोड़ ने ही ली पहली खुराक
पंजाब में कोरोना टीकाकरण की रफ्तार अन्य राज्यों की अपेक्षा कम है। 2.77 करोड़ आबादी वाले सूबे में अभी 2.44 करोड़ लोगों का ही टीकाकरण हुआ है। इनमें 1.66 करोड़ लोगों ने टीके की पहली खुराक ली है। दूसरी खुराक के लिए पंजाब के लोग ज्यादा रुचि नहीं दिखा रहे हैं, यही कारण है कि महज 78 लाख लोगों ने टीके की दूसरी खुराक ली है।
38 नए संक्रमित मिले
रविवार को पंजाब में 38 नए संक्रमित मिले हैं। लुधियाना और मोहली में सबसे अधिक 9-9, पठानकोट में 5, फिरोजपुर में 4, जालंधर में 3, बठिंडा और पटियाला में 2 -2 और चार अन्य जिलों में 1-1 संक्रमित शामिल हैं।