राजपुरा के इंस्पेक्टर और दो सहायक थानेदारों पर केस दर्ज, इस मामले में हुई बड़ी कार्रवाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नशीली गोलियों के पार्सल के मामले को रफा-दफा करके आरोपियों को बचाने के आरोप में एसएसपी मनदीप सिंह सिद्धू ने सोमवार को सीआईए स्टाफ राजपुरा के इंस्पेक्टर गुरजीत सिंह, सहायक थानेदार साहिब सिंह और सहायक थानेदार गुरदीप सिंह को मामले में नामजद करके तीनों को नौकरी से मुअत्तल कर दिया। एक सहायक थानेदार साहिब सिंह को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।
एसएसपी ने यह कार्रवाई इस मामले में एसपी (डी) हरमीत सिंह हुंदल और उप पुलिस कप्तान सर्कल राजपुरा आकाशदीप सिंह औलख की ओर से दी जांच रिपोर्ट के आधार पर की। एसएसपी सिद्धू ने बताया कि मामले की जांच के दौरान यह बात सामने आई कि 16 नवंबर को क्लोवीडोल दवा के 66 बक्से का एक पार्सल आहुजा मेडिकल स्टोर की दुकान पर चंदन ट्रांसपोर्ट के जरिये आया। स्टोर के मालिक सुशील कुमार आहुजा ने डिलीवरी देने वाले को कहा कि उसने यह पार्सल नहीं मंगवाया है। जब उसने बिल देखा तो उसमें पता जो उसी के स्टोर का था, लेकिन टेलीफोन नंबर किसी और का था। उन्होंने इसके बारे में पुलिस को बताया।
एसएसपी ने बताया कि इस मामले की जब जांच की गई तो सामने आया कि यह पार्सल हरी ओम शुक्ला निवासी नयां गांव (मोहाली) की ओर से भेजा गया था। यह पार्सल मुकेश कुमार (गुरु नानक मेडिकल हाल) की ओर से अपना मोबाइल नंबर देकर मंगवाया गया था। इसके बाद शुक्ला और मुकेश को इस केस में नामजद किया गया।
एसएसपी ने बताया कि पड़ताल में यह बात भी सामने आई है कि उसी शाम को ही इस पार्सल की सूचना सीआईए स्टाफ राजपुरा के इंचार्ज इंस्पेक्टर गुरजीत सिंह को मिली। इस पर इंस्पेक्टर गुरजीत ने सहायक थानेदार गुरदीप सिंह, सहायक थानेदार साहिब सिंह को भेजकर हरी ओम शुक्ला को सीआईए राजपुरा में बुलाया। इंस्पेक्टर गुरजीत ने इस सारे मामले को अपने किसी सीनियर अधिकारी को बताए बिना रफा-दफा कर दिया। एसएसपी ने बताया कि मामले में आगे भी जांच की जा रही है। अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
राजपुरा के विधायक ने उठाया था यह मामला
राजपुरा से कांग्रेसी विधायक हरदियाल कंबोज ने इस मामले को जिला शिकायत निवारण कमेटी में उठाते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर उंगली उठाई थी। कंबोज ने आरोपी पुलिस मुलाजिमों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी। एसएसपी द्वारा कार्रवाई करने के बाद कंबोज ने कहा कि वह कार्रवाई से संतुष्ट हैं। लेकिन इस मामले में अभी और आरोपी पकड़े जाने बाकी हैं। यह पूरा रैकेट है, जिसकी जांच होनी चाहिए।