'इनेलो सिखों के मुताबिक करेगी hsgpc पर कार्रवाई'
इनेलो विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि अलग एसजीपीसी का गठन करने वाली कांग्रेस सरकार सिखों को बांटने का काम कर रही है।
ऐसा करके कांग्रेस चुनावी फायदा उठाना चाहती है, लेकिन हरियाणा का सिख समाज कांग्रेस के बहकावे में आने वाला नहीं है।
लोकसभा चुनाव में जब कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है तो वह सिख समाज का भाईचारा बिगाड़ने के लिए ऐसे बिल ला रही है।
इनेलो धार्मिक मामले में हस्तक्षेप नहीं करेगी
अभय ने कहा कि इनेलो पहले भी अपना स्टैंड साफ कर चुकी है कि वह किसी भी धार्मिक मामले में हस्तक्षेप नहीं करेगी। कांग्रेस सरकार जिस तरह से हरियाणा के सिखों को बांटने के लिए बिल पास कराना चाहती है उसे इनेलो की सरकार आने पर सिख समाज की राय के साथ निरस्त कर दिया जाएगा। वह विधानसभा की मीडिया लांज में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
वोट हथियाना है कांग्रेस की परंपरा
उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री वास्तव में सिख हितैषी है तो वह श्वेत पत्र जारी करें कि पिछले 9 सालों से उनकी सरकार ने कितने सिख युवकों को रोजगार मुहैया करवाया है।
चौटाला ने कहा कि चंद लोगों के बहकावे से दूर होकर सरकार को इस तरह के बिल को रोक देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि धर्म के नाम पर वोट हथियाना कांग्रेस की परंपरा रही है, लेकिन आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।