इस शख्स के लिए चुनौती बनी 'आप' और केजरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली विधानसभा चुनाव जीतकर आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल एक शख्स के लिए बड़ी चुनौती बन गए हैं। ये शख्स है हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप को मिले बहुमत से हरियाणा की भाजपा सरकार में मायूसी है। दूसरी ओर, प्रदेश में आप की इकाई के नेता और कार्यकर्ता उत्साह से भर गए हैं।
आप से बढ़े हौसले से प्रदेश में खट्टर सरकार के लिए मुश्किल बढ़ सकती है क्योंकि अब कांग्रेस और इनेलो की तरह आप भी खट्टर सरकार को अलग-अलग मुद्दों पर घेरेगी। आप ने सबसे पहले खट्टर सरकार के 100 दिन के कार्यकाल पर सवाल उठाने का फैसला ले लिया है।
कर्मचारियों की रिटायरमेंट उम्र का मुद्दा उठाएगी आप
प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों की आयु सीमा 60 से घटाकर 58 साल किए जाने के फैसले पर खट्टर सरकार को आप के विरोध का सामना करना पड़ेगा क्योंकि दिल्ली चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साफ कहा था कि उनके यहां पर कर्मचारियों की सेवानिवृत की आयु सीमा कम नहीं की जाएगी। आप ने दिल्ली में केंद्र और हरियाणा में प्रदेश सरकार के घेरने की तैयारी शुरू कर दी है।
यूरिया का मुद्दा आप को जोड़ेगा किसानों से
प्रदेश में किसानों के बिना कोई भी दल सता तक नहीं पहुंच पाया है इसलिए आप प्रदेश में ज्यादा से ज्यादा किसानों को जोड़ेगी। किसानों से संबंधित मुद्दों को आप उठाएगी। इस समय प्रदेश में यूरिया की भी भारी किल्लत हो रही है। ऐसे में आप यूरिया के मामले को अगले दिनों में जोरशोर से उठाने जा रही है। किसानों को जोड़ने के लिए आप की ओर से अभियान भी चलाया जाएगा।
योगेंद्र यादव बन सकते हैं हरियाणा में पार्टी का चेहरा
योगेंद्र यादव को आप हरियाणा में अपना चेहरा बनाकर सरकार के खिलाफ जंग शुरू कर सकती है। इसका कारण यह है कि विधानसभा चुनाव में भी यादव के नेतृत्व में पार्टी ने दागी उम्मीदवारों के खिलाफ अभियान छेड़ा था और लोगों को दागी उम्मीदवारों के खिलाफ वोट न डालने की अपील की थी। हालांकि आप ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में अपने उम्मीदवार मैदान में नहीं उतारे थे।
अभी तक सभी नेताओं का फोकस दिल्ली पर था। इसलिए प्रदेश में पार्टी की गतिविधियां कम थीं। अब हरियाणा में पार्टी की गतिविधियों को तेजी से उठाया जाएगा। भाजपा सरकार का अब तक का कार्यकाल पूरी तरह से फेल रहा है। सरकार के खिलाफ जल्द मोर्चा खोला जाएगा।
राजीव गोदारा, मुख्य प्रवक्ता, आप