{"_id":"69600e7a73cad43193057879","slug":"a-new-list-of-vending-zones-will-be-prepared-and-licenses-will-be-re-examined-chandigarh-news-c-16-pkl1091-918285-2026-01-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"Chandigarh News: वेंडिंग जोन की बनेगी नई सूची, लाइसेंस की होगी दोबारा जांच","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Chandigarh News: वेंडिंग जोन की बनेगी नई सूची, लाइसेंस की होगी दोबारा जांच
विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। स्ट्रीट वेंडरों की व्यवस्था को दुरुस्त करने और वर्षों से चली आ रही अव्यवस्थाओं को खत्म करने के लिए नगर निगम स्तर पर बड़ा कदम उठाने की तैयारी है। वीरवार को प्रेस क्लब चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस मीट कार्यक्रम के दौरान पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने स्पष्ट किया कि वेंडिंग जोन की सूची को दोबारा तैयार किया जा सकता है, ताकि वास्तविक जरूरत और जमीनी हालात के अनुसार व्यवस्था बनाई जा सके।
प्रशासक ने कहा कि कई वेंडरों को नगर निगम की ओर से एक स्थान आवंटित किया गया है, लेकिन वे किसी अन्य जगह पर काम कर रहे हैं। इसकी मुख्य वजह यह है कि उन्हें उनके काम के अनुरूप उपयुक्त स्थान नहीं मिला। ऐसे मामलों की दोबारा समीक्षा की जाएगी और यह आकलन किया जाएगा कि किस वेंडर को किस प्रकार का स्थान दिया जाना चाहिए, ताकि वह सम्मानजनक ढंग से अपनी आजीविका चला सके। उन्होंने बताया कि शहर में कई ऐसे वेंडर भी हैं, जो वर्षों से लगातार काम कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें लाइसेंस नहीं मिल पाया है। ऐसे वेंडरों को लाइसेंस देने पर गंभीरता से विचार किया जाएगा, ताकि उन्हें कानूनी सुरक्षा और स्थायित्व मिल सके।
विज्ञापन
लाइसेंस का दुरुपयोग करने पर सख्त कार्रवाई
प्रशासक ने स्पष्ट किया कि जिन लोगों ने एक से अधिक स्थानों पर अपने वेंडर बैठा दिए हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन लाइसेंसधारकों के नाम पर वेंडिंग लाइसेंस जारी है, लेकिन वे स्वयं उस स्थान पर काम नहीं कर रहे हैं, उनके लाइसेंस रद्द किए जाएंगे। नगर निगम की टीमें सभी बाजारों में जाकर वेंडरों की फोटोग्राफी करेंगी और लाइसेंस के अनुसार मौके पर मौजूद वेंडरों का मिलान किया जाएगा।प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि इस पूरी कवायद का उद्देश्य ईमानदार वेंडरों को राहत देना और अवैध वेंडिंग पर प्रभावी रोक लगाना है, ताकि शहर में व्यवस्था और सुचारू यातायात सुनिश्चित किया जा सके।
विज्ञापन