पाक की साजिश बेनकाबः गोपाल चावला के लिए जासूसी करने वाला जालंधर से गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाकिस्तान गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का महासचिव गोपाल सिंह चावला आईएसआई को खुश करने के लिए अपने जासूसों से भारतीय सेना की जासूसी करवा रहा है।
जालंधर देहात पुलिस ने चावला के लिए जासूसी करने वाले जालंधर के गांव भतीजा निवासी हरपाल सिंह पाला को गिरफ्तार किया है। आला अधिकारियों ने इस घटना पर फिलहाल चुप्पी साध ली है लेकिन करतारपुर थाने में 131 नंबर एफआईआर में हरपाल चावला के साथ ही गोपाल चावला समेत कई खालिस्तानी आतंकियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
इसकी जानकारी एनआईए, आईबी और सेना की खुफिया एजेंसियों को भेज दी गई है। पुलिस के मुताबिक एएसआई हरप्रीतम सिंह व नवजोत सिंह पुलिस टीम के साथ जल्ला मोड़ पर नाकेबंदी कर तलाशी ले रहे थे।
इसी दौरान उनको एक गुप्त सूचना मिली कि गांव भतीजा का हरपाल सिंह पाला पाकिस्तान गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के महासचिव गोपाल चावला के अलावा खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स के चीफ रंजीत सिंह नीटा, पाकिस्तान में बैठे आतंकी परमजीत सिंह पंजवड़ के साथ ही अन्य देशों में बैठे आतंकियों कुलवंत सिंह मुठड्डा, प्रीत कमल ग्रेवाल के साथ लगातार बात करता है।
पाला भारत में वायुसेना व थल सेना की सारी जानकारी एकत्रित कर गोपाल चावला को देता है। चावला उसे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई तक पहुंचाता है। इस सूचना के बाद पुलिस का ज्वाइंट ऑपरेशन चलाया गया और नाकेबंदी कर हरपाल सिंह पाला को गिरफ्तार कर लिया गया है।
उसके मोबाइल के अलावा काफी आपत्तिजनक सामान कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस ने हरपाल पाला समेत तमाम आतंकवादियों व गोपाल चावला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जिक्र योग्य है कि गोपाल चावला हाल ही में नवजोत सिंह सिद्धू व एसजीपीसी के प्रधान गोबिंद सिंह लोगोंवाल के साथ पाकिस्तान में नजर आया था।
करतारपुर कोरिडोर की कमेटी में उसका नाम आने के बाद खासा बवाल मचा था। जिसके बाद कमेटी से उसका नाम निकालना पड़ा था। भारत की तरफ से लगातार कहा जा रहा था कि गोपाल चावला भारत में आतंकवाद फैलाना चाहता है और खालिस्तान बनाने के सपने देख रहा है लेकिन पाकिस्तान सरकार द्वारा हमेशा उसकी पीठ थपथपायी जा रही थी। अब गोपाल चावला के नेटवर्क का भंडाफोड़ होने से साफ हो गया है कि चावला पाकिस्तान में बैठकर भारत की बर्बादी के सपने देख रहा है।