कोरोना वायरस : पंजाब में 58 की मौत, 3294 पॉजिटिव मिले, मोती महल के चार कर्मचारी भी संक्रमित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब में कोरोना महमारी ने शनिवार को 58 और लोगों की जान ले ली। इसके साथ ही राज्य में इस वायरस से मरने वालों की कुल संख्या 7448 तक पहुंच गई है। बीते 24 घंटे के दौरान कोरोना के 3294 नए पॉजिटिव केस भी दर्ज हुए हैं। उधर, पटियाला स्थित कैप्टन अमरिंदर सिंह के आवास मोती महल के चार कर्मचारी संक्रमित मिले हैं। जिन्हें क्वारंटीन कर दिया गया है। वहीं पटियाला के सत्र न्यायधीश राजिंदर अग्रवाल भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं।
मोहाली में मिले सर्वाधिक पॉजिटिव
शनिवार को दर्ज हुए मामलों में सात लोगों को आईसीयू में और चार लोगों को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। राज्य में इस समय कोरोना के 28015 सक्रिय केसों में कुल 371 मरीजों को ऑक्सीजन सपोर्ट पर और 35 मरीजों को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। शनिवार को सबसे ज्यादा पॉजिटिव केस मोहाली (413) में मिले हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटे में होशियारपुर में 10, गुरदासपुर में 7, जालंधर व लुधियाना में 6-6, अमृतसर में 5, रोपड़ व पटियाला में 4-4, बठिंडा, मोहाली, पठानकोट व तरनतारन में 2-2, बरनाला, फतेहगढ़ साहिब, फिरोजपुर, कपूरथला, संगरुर व नवांशहर में 1-1 मरीज की मौत हुई है।
कहां-कितने मिले पॉजिटिव
मोहाली में 413, जालंधर में 407, लुधियाना में 389, अमृतसर में 306, पटियाला में 282, बठिंडा में 185, होशियारपुर में 172, फरीदकोट में 130, गुरदासपुर में 127, कपूरथला में 117, फिरोजपुर में 106, फाजिल्का में 93, पठानकोट में 87, संगरुर में 68, मोगा में 66, मानसा में 56, फतेहगढ़ साहिब में 55, तरनतारन में 52, मुक्तसर में 40, नवांशहर में 25 और बरनाला में 18 नए पॉजिटिव मिले हैं।
मोती महल पहुंचा कोरोना, चार कर्मचारी संक्रमित
पटियाला स्थित मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के मोती महल में भी कोरोना ने दस्तक दे दी है। मोती महल में काम करने वाले चार कर्मचारियों के सैंपल पॉजिटिव मिले हैं। इन कर्मचारियों को उनके क्वार्टरों में क्वारंटीन कर दिया गया है। सिविल सर्जन डॉ. सतिंदर सिंह ने बताया कि सरकारी राजिंदरा अस्पताल से एक टीम मोती महल सैंपलिंग करने गई थी। मोती महल से 60 लोगों के सैंपल लिए गए थे। इनमें से चार की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सभी की हालत स्थिर है।
केंद्र आज पंजाब भेजेगा कोविड टीकों की चार लाख डोज
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की अपील पर केंद्र सरकार आज (रविवार) को कोरोना वैक्सीन की चार लाख डोज भेजेगा। यह जानकारी पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने दी। सिद्धू ने बताया कि राज्य में टीके की कमी के संबंध में मुख्यमंत्री की अपील पर केंद्र सरकार रविवार तक टीके की चार लाख डोज की ताजा खेप भेजी जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य के ईपीआई अधिकारी ने बताया है कि स्वास्थ्य विभाग को केंद्र सरकार से कोविड-19 टीका भेजे जाने की सूचना मिली है, जो हवाई जहाज के जरिए चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर पहुंचाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा मांगी गई एक लाख वायल्स (शीशियों) की मांग के मुकाबले कुल 40,000 शीशियां पहुंचाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि हर शीशी में वैक्सीन की 10 खुराक होती है।