सुल्तानपुर लोधी में घूमने के लिए साधन की न करें चिंता, ऐसे मिलेगी मुक्त साइकिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
550वें प्रकाश पर्व में आने वाली संगत के लिए पंजाब सरकार के प्रयासों से एक अनूठी पहल की गई है। दूर-दराज से आने वाले लोग पवित्र धार्मिक स्थलों तक पहुंचने के लिए सुल्तानपुर लोधी में स्थापित किए गए चार साइकिल स्टैंडों से सिर्फ अपना पहचान पत्र दिखाकर दिन भर के लिए मुफ्त में साइकिल ले सकते हैं।
दिन भर शहर का भ्रमण करने के बाद शाम को साइकिल को स्टैंड पर वापस करना होगा। सुल्तानपुर लोधी में इस तरह के चार साइकिल स्टैंड स्थापित किए गए हैं। पहला साइकिल स्टैंड नगर काउंसिल दफ्तर के बाहर, दूसरा बस स्टैंड, तीसरा गुरुद्वारा श्री बेर साहिब और चौथा गुरुद्वारा श्री हट साहिब के नजदीक स्थापित किया गया है।
हीरो कंपनी के सुपरवाइजर रिशब ने बताया कि प्रत्येक साइकिल स्टैंड पर संगत के लिए 25-25 साइकिल उपलब्ध हैं। यहां कोई भी व्यक्ति अपना पहचान पत्र दिखाकर साइकिल दिन भर के लिए ले सकता है। संबंधित व्यक्ति का आई कार्ड हम जमा कर लेते हैं और साइकिल वापस देने पर आई कार्ड लौटा दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि जो लोग पूरे शहर का चक्कर लगाना चाहते हैं और भीड़भाड़ के चलते अपनी कार इत्यादि नहीं ला सकते, उनमें साइकिल को लेकर काफी क्रेज है। उन्होंने बताया कि 31 अक्तूबर को यह सुविधा शुरू की गई थी। अब तक 1500 से ज्यादा संगत साइकिल राइड का फायदा ले चुकी है। रोजाना 200 से ज्यादा संगत साइकिल राइड ले रही है।
फिलहाल गुरुपर्व तक ये सेवा जारी रखी जाएगी, बाद में जरूरत पड़ने पर इसे आगे भी बढ़ाया जा सकता है। जालंधर के अवतार सिंह नगर से घूमने आए अमनप्रीत सिंह ने बताया कि वह गुरुघर में शीश नवाने आए थे, लेकिन अब उन्होंने यहां स्थित सभी ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब घूमने का मन बनाया है। इसलिए वह साइकिल लेकर सभी गुरुघरों तक जाना चाहते हैं, जिसके चलते उन्होंने साइकिल स्टैंड से अपना पहचान पत्र जमा करवाकर एक साइकिल ले लिया है।
मेडिकल लाउंज में अब तक पहुंचे 7800 से ज्यादा मरीज
श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के मौके पर पवित्र नगरी में आने वाली संगत की सेहत का ध्यान रखने और सेवा के लिए सरकार की तरफ से मेडिकल लाउंज स्थापित किए गए हैं। यह मेडिकल लाउंज 24 घंटे लोगों की सेवा में जुटे हुए हैं। मुख्य पंडाल के पास स्थित मेडिकल लाउंज समेत तीनों ही लाउंज में 7852 से ज्यादा लोगों को जांच के बाद मुफ्त दवाएं दीं गई।
सिविल सर्जन डॉ. जसमीत कौर ने बताया कि कुल एक हजार पैरा मेडिकल स्टाफ और डॉक्टरों की टीमें दिन-रात काम कर रही हैं। मेडिकल लाउंज में ज्यादातर बुखार, पेट दर्द, बीपी, शुगर, खांसी और गले में खराबी की समस्या से संबंधित मरीज पहुंच रहे हैं। इन मरीजों को जांच के बाद फ्री दवाएं दी जा रही हैं।
अब तक मुख्य पंडाल के पास स्थित लाउंज में से 5293 मरीज मेडिकल सुविधा ले चुके हैं जबकि दो अन्य लाउंज में से 1559 और एक हजार मरीज जांच करवाकर फ्री दवाएं ले चुके हैं। यह आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। सिविल सर्जन ने बताया कि मेडिकल लाउंज में 122 मरीजों को दाखिल किया गया था, जिनमें से 34 मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल रेफर किया गया है।