Haryana Cabinet: 1500 चालक व 205 आयुष डॉक्टरों की होगी भर्ती, मनेठी एम्स का रास्ता साफ, 22 से शीतकालीन सत्र
हरियाणा विधानसभा का शीतकालीन सत्र 22 दिसंबर से शुरू होगा। इसके लिए कैबिनेट ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अब सत्र बुलाने के लिए विधानसभा सचिवालय राज्यपाल को प्रस्ताव भेजेगा। सत्र की अवधि का फैसला कार्य सलाहकार समिति तय करेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा में डायल 112 प्रोजेक्ट के लिए 1500 चालकों की भर्ती की जाएगी। यह भर्ती हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत की जाएगी। पात्र अभ्यर्थियों का ड्राइविंग टेस्ट एवं साक्षात्कार कराने के लिए जिला पुलिस अधीक्षक अथवा पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय चयन बोर्ड का गठन किया जाएगा।
संबंधित जिले के पुलिस उपाधीक्षक, सहायक पुलिस अधीक्षक या संबंधित जिले के पुलिस अधीक्षक या पुलिस आयुक्त संबंधित जिले के लाइट मोटर व्हीकल (एलएमवी) लाइसेंसिग ऑथोरिटी इस बोर्ड के सदस्य होंगे। वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं कक्षा की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता रखने वाले आवेदन कर सकेंगे।
सभी श्रेणी के उम्मीदवारों को निगम पालिसी और राज्य सरकार की आरक्षण नीति के अनुरूप प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। चयनित चालक एक सामान्य पुलिस अधिकारी के समान अधिकारियों की देखरेख में कार्य करेंगे और चयन के बाद उन्हें 15 दिनों की अवधि का कैप्सूल कोर्स करना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इनके अलावा पक्की भर्ती की प्रक्रिया भी अलग से होगी।
एचपीएससी करेगा 205 आयुष डॉक्टरों की भर्ती
आयुष विभाग में अटकी 205 आयुष डॉक्टरों की भर्ती का रास्ता अब साफ हो गया है। मंत्रिमंडल ने यह भर्ती एचपीएससी (हरियाणा लोक सेवा आयोग) द्वारा करने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है। इससे पहले 2019 में आयुष विभाग ने जल्द डॉक्टरों की भर्ती करने के लिए एचपीएससी से छूट मांगी थी लेकिन मामला बीच में अटक गया था। अब जल्द इनके पद विज्ञापित किए जाएंगे। कैबिनेट की मंजूरी के बाद आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी के 175 पद, रेजिडेंट फिजिशियन, यूनानी चिकित्सक, आयुर्वेद चिकित्सक के चार पद, यूनानी चिकित्सा अधिकारी के आठ पद और होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी के 18 पद भरे जाएंगे।
मनेठी एम्स का रास्ता साफ: जमीन केंद्र को 99 साल के लिए लीज पर दी
लंबे समय से अटके मनेठी (रेवाड़ी) एम्स को लेकर अब हरियाणा सरकार ने जमीन केंद्रीय स्वास्थ्य विभाग के नाम करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। माजरा मुस्तिल भाल्खी में एम्स स्थापना के लिए 210 एकड़ से अधिक जमीन 99 साल के लिए लीज पर दी गई है। अब इसके निर्माण में तेजी आएगी। केन्द्रीय वित्त मंत्री ने एक फरवरी 2019 को संसद में हरियाणा में एक एम्स स्थापित करने की घोषणा की थी।
22 दिसंबर से शुरू होगा शीतकालीन सत्र
हरियाणा विधानसभा का शीतकालीन सत्र 22 दिसंबर से शुरू होगा। इसके लिए कैबिनेट ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अब सत्र बुलाने के लिए विधानसभा सचिवालय राज्यपाल को प्रस्ताव भेजेगा। सत्र की अवधि का फैसला कार्य सलाहकार समिति तय करेगी। समिति की बैठक सत्र शुरू होने से पांच दिन पहले शुरू होगी। संभावना है तीन दिन तक चलने वाला सत्र 22, 23, 26 दिसंबर तक होगा। हालांकि, अंतिम फैसला समिति की बैठक में होगा।