चंडीगढ़ः 11 माह की बच्ची और मां ने एक साथ कोरोना को दिया मात, अब तक 16 मरीजों ने जीती जंग
कुछ समय पहले कनाडा से लौटे दंपती के परिवार के छह सदस्य कोरोना की चपेट में आ गए थे। महिला के पति को बीते 19 अप्रैल को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। अब पत्नी और 11 माह की बच्ची को भी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है जबकि परिवार के तीन सदस्य अभी भी आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं। महिला और बच्ची के डिस्चार्ज होने के समय पीजीआई के डायरेक्टर प्रो. जगतराम खुद महिला व बच्ची को बाहर तक छोड़ने आए। सेक्टर-33 निवासी 32 वर्षीय महिला अपने पति, 11 माह व 10 साल की बच्ची के साथ कनाडा से चंडीगढ़ आई थी।
28 मार्च को पति व पत्नी खुद ही कोरोना का टेस्ट कराने पीजीआई पहुंचे थे। जहां दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उसके बाद दोनों को जीएमसीएच-32 के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया। साथ ही परिवार के अन्य लोगों के नमूने लिए गए। इसमें दोनों बच्चियों के साथ महिला की मां व सास भी पॉजिटिव पाई गईं। महिला की मां व 10 साल की बच्ची मोहाली के एक अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड में रखे गए, जबकि अन्य चार सदस्य जीएमसीएच-32 के आइसोलेशन वार्ड में रखे गए। जहां से सभी को पीजीआई शिफ्ट कर दिया गया।
बच्ची छोटी थी, इस कारण थोड़ी समस्या हुई
पीजीआई के मनोचिकित्सा विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. स्वपनजीत साहू ने बताया कि मां और बच्ची को एक साथ आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था। चूंकि बच्ची छोटी थी और जांच रिपोर्ट बार-बार पॉजिटिव आ रही थी, इस कारण मां को चिंता हो रही थी। कई बार अपनी बच्ची की हालत को देखकर मां की हालत खराब हो जाती थी। ऐसे में विभाग के सीनियर डॉक्टरों की मदद से मां की काउंसलिंग की जाती थी। यहां तक की मां की रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद बच्ची की रिपोर्ट लगातार पॉजिटिव आ रही थी। ऐसे में बच्ची के लिए मां को भी हमें कई दिनों तक वार्ड में रखना पड़ा। आखिर में 32 साल की मनप्रीत कौर के हौसले के चलते वह और उनकी बच्ची दोनों ठीक हो गईं।
अब तक कोरोना को मात देकर ये लोग लौट चुके घर
02 अप्रैल को यूनाइटेड किंगडम(यूके) से लौटी सेक्टर- 34 निवासी महिला डॉक्टर।
04 अप्रैल को सेक्टर- 21 निवासी चंडीगढ़ की पहली कोरोना पॉजिटिव की मां और सेक्टर- 30 निवासी दुबई से लौटा युवक।
05 अप्रैल को चंडीगढ़ की पहली कोरोना पॉजिटिव मरीज का भाई और उसका सेक्टर- 19 निवासी दोस्त।
06 अप्रैल को चंडीगढ़ की पहली कोरोना पॉजिटिव सेक्टर 21 निवासी युवती और उसका सेक्टर 38 निवासी पारिवारिक दोस्त।
14 अप्रैल को चंडीगढ़ सेक्टर- 30 बी निवासी 40 साल की महिला और पीजीआई में कार्यरत दो नर्सिंग स्टाफ।
17 अप्रैल को सेक्टर- 21 निवासी 30 साल का युवक हुआ डिस्चार्ज।
19 अप्रैल को सेक्टर- 29 निवासी एक युवक और कनाडा से आया एक एनआरआई ठीक होकर पहुंचे घर।
24 अप्रैल को सेक्टर- 35 निवासी 49 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव मरीज ठीक होकर घर पहुंचा।
26 अप्रैल को कनाडा से लौटी कोरोना पॉजिटिव मनप्रीत और उसकी 10 माह की बच्ची ठीक होकर घर पहुंची।