देश को मिला नई तकनीकों से लैस एक और इंटरनेशनल एयरपोर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र सिंह मोदी ने देश को एक और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा समर्पित कर दिया। करोड़ो की लागत से बनी एयरपोर्ट के कई फायदे होंगे। मोहाली इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जीरकपुर और पंचकूला के बिजनेस में बूम की उम्मीद है। इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए पलकें बिछाकर बैठे जीरकपुर और पंचकूला में होटल का व्यवसाय करने वालों की बांछें एयरपोर्ट के उद्घाटन से खिल उठी हैं। वहीं जीरकपुर के बिल्डरों में भी खुशी है। पंचकूला की इंडस्ट्री की उम्मीदें सर्विस सेक्टर पर टिकी हैं। इंटरनेशनल एयरपोर्ट का रिंग रोड कनेक्शन उद्यमियों की उम्मीदों पर पंख लगा रहा है।
ज्यादा लाभ पंचकूला को
पंचकूला के इंडस्ट्रियलिस्ट विष्णु गोयल ने कहा कि इंटरनेशनल एयरपोर्ट का सबसे ज्यादा लाभ पंचकूला को हो सकता है। सर्विस सेक्टर में इस एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद मौज हो जाएगी। पंचकूला में फिलहाल दो फाइव स्टार होटल हैं। एक हॉलीडे इन और दूसरा बेला विस्टा। इंटरनेशनल एयरपोर्ट की शुरुआत से काम बढ़ेगा।
विदेशी कंपनियां निवेश करेंगी
पंचकूला के विधायक ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि एयरपोर्ट की शुरुआत से पंचकूला सहित आसपास के तमाम शहरों को फायदा मिलेगा। पिछले कई वर्षों से अनदेखी का शिकार पंचकूला में औद्योगिक विकास की भी पर्याप्त संभावनाएं हैं। आईटी, मैन्युफैक्चरिंग सहित अन्य सेक्टरों के विकास की रफ्तार तेज होगी। आईटी पार्क में कंपनियां आने लगी हैं, लेकिन इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने से विदेशी कंपनियां का भी ध्यान पंचकूला में निवेश की तरफ बढ़ेगा।
उद्योग के साथ आईटी जगत को मिलेगा बूम
इंटरनेशनल एयरपोर्ट से ट्राइसिटी के उद्योगपतियों और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) जगत को भी काफी उम्मीदें हैं। एक ओर जहां उद्योगपति इसे इंटरनेशनल व्यापार को बढ़ावा मिलने की नजर से देख रहे हैं, वहीं आईटी जगत इसे उनकी इंडस्ट्री के लिए बूम मान रहे हैं।
चंडीगढ़ से दुबई की डायरेक्ट फ्लाइट होने से जहां दिल्ली जाने का समय और पैसा दोनों बचेंगे, वहीं दुबई से दुनिया में कहीं भी जाने के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट मिल सकेगी। उद्योगपतियों के अनुसार इंटरनेशनल एयरपोर्ट आने से चंडीगढ़ अब वर्ल्ड मैप पर आ जाएगा। पहले विदेशी उद्योगपति यहां की डायरेक्ट फ्लाइट न होने से दिल्ली तक आते थे तो उनसे मिलने वहां जाना पड़ता था, लेकिन अब वह सीधा यहां आ सकेंगे। इससे उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा और साथ ही टूरिज्म को भी।
वहीं, आईटी जगत के एक्सपर्ट के अनुसार चंडीगढ़ में इंटरनेशनल एयरपोर्ट आने से इंडस्ट्री को काफी ग्रोथ मिलने की संभावना है। अब तक विदेशी कंपनियों के अधिकारी दिल्ली तक आते थे तो उनसे मिलने वहां जाना पड़ता था, लेकिन अब यहां डायरेक्ट फ्लाइट होने से वह सीधा यहां आ सकेंगे। इससे आईटी जगत को काफी काम मिलेगा। साथ ही कई विदेशी कंपनियां यहां निवेश करेंगी।
युवाओं को रोजगार मिलेगा
जीरकपुर के एमएलए एनके शर्मा ने कहा कि मोहाली और जीरकपुर के लिए यह एयरपोर्ट वरदान है। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट से कम से कम पचास हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा। इंटरनेशनल स्टैंडर्ड के होटल, अस्पताल, कारगो और अन्य सुविधाएं शुरू होंगी। इनमें युवाओं को रोजगार मिल सकेगा। जीरकपुर के रिंग रोड से इंटरनेशनल एयरपोर्ट सिर्फ दस मिनट की दूरी पर है। एयरपोर्ट के कारण अब समय की बर्बादी नहीं होगी। साथ ही एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन को लाभ होगा।
पिंजौर, कालका और मोरनी में संभावनाएं
कालका विधायक लतिका शर्मा ने कहा कि इंटरनेशनल एयरपोर्ट का सर्वाधिक फायदा पंचकूला को मिलेगा। पर्यटन के लिहाज से पिंजौर, कालका और मोरनी में अपार संभावनाएं हैं। यह हरियाणा का एकमात्र पर्वतीय क्षेत्र है। जिनकी सीमाएं कई प्रदेशों से मिलती हैं। एयरपोर्ट की शुरुआत से रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी। जिससे आर्थिक विकास की रफ्तार में तेजी की उम्मीद है। अगर अच्छी कनेक्टिविटी हो तो किसी भी शहर के विकास को नए पंख लग जाते हैं।
पर्यटन के नए स्पॉट बनाने होंगे
पंचकूला के इंडस्ट्रियलिस्ट अरुण ग्रोवर ने कहा कि इंटरनेशनल एयरपोर्ट की शुरुआत से टूरिज्म को सबसे ज्यादा लाभ होगा। पंचकूला हिमाचल का गेटवे है। टूरिस्ट्स को आकर्षित करने के लिए यहां नए स्पाट बनाने होंगे। अब आप देखें, लोनावाला के पास एक एम्यूजमेंट पार्क है, यह काफी दूर है लेकिन वहां हजारों की संख्या में सैलनी रोजाना आते हैं।
पंचकूला एक्सटेंशन में इसी प्रकार की अनूठी पहल की जा सकती है। बद्दी, नालागढ़, बरवाला, पिंजौर, परवाणू की इंटरनेशनल कंपनियां और शिमला के सेब प्रोड्यूसर तक अप्रोच के लिए पंचकूला ही एकमात्र रास्ता है। इसके साथ ही यहां कारगो, हॉस्पिटल, होटल जैसी बेहतर सेवाओं की शुरुआत की जा सकती है। एयरपोर्ट के आने के बाद पंचकूला दूसरा गुड़गांव बन जाएगा।
विदेशी पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा
डीसी विवेक आत्रेय का कहना है कि इंटरनेशनल एयरपोर्ट की शुरुआत होने से पंचकूला वासियों को दिल्ली जाने की टेंशन नहीं रहेगी। साथ ही पंचकूला और आसपास खासकर आईटी पार्क में विदेशी निवेश की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। पर्यटन के लिहाज से पिंजौर, कालका, मोरनी में भी हर साल विदेशी पर्यटकों की संख्या में इजाफा होने की उम्मीद है।
प्रशासन और सरकार की ओर से पंचकूला की बुनियादी सुविधाएं बेहतर की जाएंगी। ताकि विदेशी निवेशकों के साथ-साथ पर्यटकों को भी आकर्षित किया जा सके। पिंजौर गार्डन, टिक्कर ताल सहित आसपास के अन्य पर्यटन स्थलों को विकसित किया जाएगा। ताकि अधिक से अधिक पर्यटकों का इस तरफ रुझान बढ़ सके।
एयरपोर्ट से डॉक्टर्स को सबसे ज्यादा फायदा
इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शुरू होने से चंडीगढ़ के डाक्टरों को काफी फायदा होगा। इसमें पीजीआई के अलावा वे प्राइवेट डाक्टर भी शामिल हैं, जिनसे इलाज कराने के लिए मिडिल ईस्ट व अफ्रीका से काफी मरीज आते हैं। पीजीआई के डाक्टरों का कहना है कि इंटरनेशनल कांफ्रेंस में हिस्सा लेने के लिए उन्हें दिल्ली से फ्लाइट पकड़नी पड़ती है। दिल्ली जाने और वापस आने में पूरे दो दिन बरबाद होते हैं। प्राइवेट डाक्टरों के मुताबिक इंटरनेशनल फ्लाइट की कनेक्टिविटी बढ़ने से विदेशी मरीज आसानी से चंडीगढ़ आ सकेंगे।
एयरपोर्ट पीयू की प्रगति में सहायक होगा
इंटरनेशनल एयरपोर्ट पंजाब यूनिवर्सिटी की प्रगति में भी सहायक होगा। पीयू केप्रोफेसर्स लगातार विदेशों में होने वाली कॉन्फ्रेंस और सेमिनार में शामिल होते हैं। विदेशों से भी डेलीगेशन का पीयू आना-जाना लगा रहता है। अभी पीयू पहुंचने केलिए कई फ्लाइट बदलनी होती हैं, जिसमें समय काफी बर्बाद होता है।
इंटरनेशनल एयरपोर्ट से फ्लाइट शुरू होने के बाद सीधा-सीधा फायदा मिलेगा। पीयू में 250 से अधिक विदेशी स्टूडेंट्स भी पढ़ते हैं। जिनमें सबसे ज्यादा संख्या अफगानी स्टूडेंट्स की है। साथ ही कई विदेशी यूनिवर्सिटी केसाथ स्टूडेंट एक्सचेंज प्रोग्राम भी शुरू हो रहे हैं। ऐसे में स्टूडेंट्स केलिहाज से भी इंटरनेशनल एयरपोर्ट काफी फायदेमंद रहेगा।
आईटी क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी
इंटरनेशनल एयरपोर्ट की शुरुआत होने से पंचकूला से रोजाना विदेश यात्रा करने वालों को दिल्ली तक का सफर ट्रेन या कार से तय करने की टेंशन दूर हो जाएगी। पंचकूला से रोजाना करीब 150 यात्री विदेश यात्रा करते हैं। जिन्हें अब अपने घरों के पास से कम वक्त में सफर का लुत्फ उठाने का मौका मिल सकेगा।
विदेश यात्रा के लिए अब रात के वक्त न तो दिल्ली का रुख करना पड़ेगा और न ही लौटते हुए उन्हें दिल्ली से चंडीगढ़ या पंचकूला पहुंचने के लिए पूरी रात का सफर करना पड़ेगा। माना जा रहा है कि इंटरनेशनल एयरपोर्ट की शुरुआत से न केवल यात्रियों को राहत मिलेगी। बल्कि आईटी पार्क में विदेशी कंपनियों के निवेश और पर्यटन क्षेत्र को भी काफी बढ़ावा मिलेगा।