Bihar Accident: पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में दर्दनाक हादसा, डूबने से सात साल के बच्चे की मौत; परिजन बेसुध
Bihar: खेलने के दौरान संतोष का पैर फिसल गया और वह पानी से भरे गड्ढे में जा गिरा। जब तक लोग कुछ समझ पाते, वह डूब चुका था। हल्ला सुनकर आसपास के लोग दौड़े और किसी तरह उसे बाहर निकाला गया। बेहोशी की हालत में उसे आनन-फानन में पूर्णिया जीएमसीएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विस्तार
पूर्णिया पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। परिसर में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से सफाईकर्मी के सात वर्षीय बेटे की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया जीएमसीएच भेज दिया गया।
घटना केहाट थाना क्षेत्र स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर की है। मृतक की पहचान सिपाही टोला माता स्थान निवासी सूरज मेहतर के पुत्र संतोष कुमार (7 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सूरज मेहतर पॉलिटेक्निक कॉलेज में सफाईकर्मी के तौर पर कार्यरत हैं। रविवार को वह अपने बच्चों के साथ सफाई कार्य के लिए परिसर पहुंचे थे। इसी दौरान रसोई कैंटीन के समीप एक गहरे गड्ढे में पानी भरा हुआ था। सूरज मेहतर परिसर के अंदर सफाई कर रहे थे, वहीं उनका बेटा बाहर खेल रहा था।
पढ़ें: जमीनी विवाद में ईंट-पत्थर के बाद चली गोली, युवक घायल; गांव में तनाव...पुलिस जांच में जुटी
खेलने के दौरान संतोष का पैर फिसल गया और वह पानी से भरे गड्ढे में जा गिरा। जब तक लोग कुछ समझ पाते, वह डूब चुका था। हल्ला सुनकर आसपास के लोग दौड़े और किसी तरह उसे बाहर निकाला गया। बेहोशी की हालत में उसे आनन-फानन में पूर्णिया जीएमसीएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां अस्पताल में दहाड़ें मारकर रोने लगीं। मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और अस्पताल परिसर में भीड़ जुट गई।
घटना की जानकारी मिलते ही केहाट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष उदय कुमार ने बताया कि पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में बच्चे के डूबने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने पर आगे की जांच की जाएगी।