Bihar News: बारिश ने रोका पर्यटन; बिहार के इन दो जलप्रपातों की तरफ जाने पर लगाई गई रोक
Rohtas News: वन विभाग ने एक सार्वजनिक अपील जारी कर कहा है कि सामान्य स्थिति बहाल होने तक इन क्षेत्रों में जाना पूरी तरह से वर्जित रहेगा। साथ ही लोगों से अनुरोध किया गया है कि वे किसी भी आपदा से बचने के लिए सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और सावधानी बरतें।
विस्तार
रोहतास जिले के कैमूर पहाड़ी क्षेत्र में हो रही लगातार मूसलधार बारिश के कारण प्राकृतिक जलप्रपातों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। विशेष रूप से मां तुतला भवानी वॉटरफॉल और मांझर कुंड में बुधवार को जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे वहां मौजूद पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी के मद्देनजर वन विभाग ने सभी प्रमुख झरनों पर सैलानियों के जाने पर रोक लगा दी है।
प्राकृतिक सौंदर्य बना खतरे का कारण
कैमूर पहाड़ियों की गोद में बसे जलप्रपात अपने प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक महत्व के कारण पर्यटकों को बरसात के मौसम में खासा आकर्षित करते हैं। जैसे ही झरनों में पानी का बहाव बढ़ता है, इन स्थलों का दृश्य और भी मनोहारी हो जाता है। लेकिन बारिश के कारण इन जलप्रपातों में तेज बहाव और अचानक बाढ़ की स्थिति भी बन जाती है, जो किसी भी अप्रिय घटना को जन्म दे सकती है।
यह भी पढ़ें- Bihar: इंडिया गठबंधन के समर्थन में उतरे महात्मा गांधी के प्रपौत्र, बोले- बिहार को संघी ताकतों से बचाना जरूरी
मानसून में गुलजार रहते हैं झरने
मांझर कुंड, सीता कुंड, धुआं कुंड, महादेव खोह, तुतला भवानी, हनुमान धारा, नकटा क्षील, बूढ़न, गायघाट और भूतहिया जैसे झरने मानसून के मौसम में पर्यटकों से भरे रहते हैं। बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा झारखंड, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से भी लोग यहां की हरियाली, झरनों और पहाड़ी वातावरण का आनंद लेने पहुंचते हैं। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सभी के लिए यह एक प्राकृतिक पिकनिक स्पॉट बन जाता है।
जलप्रपातों पर पूरी तरह रोक, सुरक्षा के निर्देश
लगातार हो रही बारिश और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा आने वाले दिनों में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए रोहतास वन प्रमंडल ने सख्त कदम उठाया है। सभी प्रमुख जलप्रपातों में जलस्तर अत्यधिक बढ़ जाने के कारण इन स्थानों को सार्वजनिक आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें- Bihar Flood: सीएम नीतीश के गृह जिले में बाढ़ का रेड अलर्ट जारी, बारिश से उफनाई उदेरा नदी से इन इलाकों पर असर
मां तुतला भवानी जलप्रपात पर विशेष रूप से श्रद्धालुओं और सैलानियों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। वन विभाग ने एक सार्वजनिक अपील जारी कर कहा है कि सामान्य स्थिति बहाल होने तक इन क्षेत्रों में जाना पूरी तरह से वर्जित रहेगा। साथ ही लोगों से अनुरोध किया गया है कि वे किसी भी आपदा से बचने के लिए सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और सावधानी बरतें। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है और बारिश के इस मौसम में झरनों की ओर जाने से लोगों की जान को खतरा हो सकता है।