बिहार: चार युवकों की शराब में जहर था; पुलिस ने बताया- किसने-क्यों मिलाया विष? पांचवें शख्स लाली पर आरोप
Bihar News: पटना में चार युवकों की मौत जहरीली शराब नहीं हुई, बल्कि साजिशन जहर दिया गया- 'अमर उजाला' ने पहले ही बताया था। अब सामने वही बात आ रही है, लेकिन केस की गवाही नहीं बल्कि प्रेम प्रसंग का एंगल पुलिस ने सामने रखा है। इसका विरोध भी हो रहा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में चार युवकों की मौत के चर्चित शराब कांड का पुलिस ने 53 घंटे बाद खुलासा कर दिया। मंगलवार की रात करीब सवा दस बजे ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने मामले की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी लाली ने पूछताछ में बताया कि मृतक निशु का उसकी बहन से करीब ढाई साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बात को लेकर बाकी तीन युवक भी लाली को चिढ़ाते थे। इससे परेशान होकर उसने चारों को रास्ते से हटाने की साजिश रची। ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने बताया कि लाली ने एक दिन पहले शाम को शराब मंगवाई और उसमें जहर मिला दिया। इसके बाद चारों युवक आपस में शराब पीने लगे। लाली के लिए भी शराब का पैक तैयार किया गया था, लेकिन उसने उसे नहीं पिया और वहां से बाहर चला गया। कुछ देर बाद चारों युवकों की तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें बाढ़ अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से सभी को पटना रेफर कर दिया गया। पटना ले जाने के दौरान चारों की मौत हो गई।
बहन की शादी के बाद भी नहीं रुका था विवाद
पुलिस के मुताबिक, इसी वर्ष लाली की बहन की शादी हो गई थी। इसके बावजूद निशु उसकी बहन के यहां पहुंच गया था और स्टेज पर चढ़कर हंगामा किया था। इस घटना को लेकर भी लाली नाराज था। पुलिस का कहना है कि इसी पुरानी रंजिश और अन्य तीन युवकों द्वारा लगातार चिढ़ाए जाने से आजिज होकर लाली ने चारों की हत्या की योजना बनाई।
शराब पहुंचाने की कड़ी भी सामने आई
पुलिस की पूछताछ में शराब की खेप पहुंचने की पूरी कड़ी भी पुलिस के सामने आई है। ग्रामीण एसपी ने के अनुसार, लाली ने शराब आलू-प्याज का कारोबार करने वाले दुकानदार रुदल कुमार से ली थी। इसके बाद एक विधि-विरुद्ध बालक के माध्यम से शराब सन्नी के पास से लाई गई थी। पुलिस ने इस मामले में लाली कुमार और रुदल कुमार को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है।
स्टेशन के पास से खरीदा गया था जहर
ग्रामीण एसपी ने बताया कि लाली के बयान के अनुसार शराब में मिलाया गया जहर बाढ़ शहर में स्टेशन के पास से खरीदा गया था। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि शराब में किस तरह का जहर मिलाया गया था। पुलिस का कहना है कि एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही जहर की प्रकृति और उसकी पुष्टि हो सकेगी।
बिहार : 'पापा की हत्या हुई, गवाही के सात दिन पहले चाचा को मार डाला'- शराब कांड को लड़की ने हत्या की ओर मोड़ा
15 सदस्यीय टीम ने किया मामले का उद्भेदन
मामले की जांच और आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने 15 सदस्यीय टीम गठित की थी। इसमें अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, डीआईयू की टीम के अलावा कई थानों के थानाध्यक्ष और पुलिस अधिकारी शामिल थे। टीम ने लगातार पूछताछ और जांच के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया।
पहले शराब में जहर मिलाया गया था
ग्रामीण एसपी ने बताया कि पुलिसिया पूछताछ में लाली ने स्वीकार किया है कि चारों युवकों को शराब पिलाई गई थी और उससे पहले शराब में जहर मिलाया गया था। इसी जहरीली शराब के सेवन से चारों की मौत होने की बात सामने आई है। अब पुलिस एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत की वजह और इस्तेमाल किए गए जहर की अंतिम पुष्टि हो सकेगी।