Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   Patna News ›   CM Samrat guard stops Minister Nishant within the security perimeter: JD(U) raises questions

सीएम सम्राट के गार्ड ने मंत्री निशांत को सुरक्षा घेरे में रोका: जदयू ने उठाए सवाल, सफाई में क्या बोली एसएसजी?

Thu, 19 Nov 2026 07:48 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना Published by: शबाहत हुसैन Updated Thu, 19 Nov 2026 07:48 PM IST
सार

वैशाली में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को सुरक्षा घेरे में रोके जाने पर बिहार की राजनीति गरमा गई है। जेडीयू ने जांच की मांग की, जबकि एसएसजी ने घटना को मानवीय भूल बताते हुए सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन बताया।

 

विज्ञापन
CM Samrat guard stops Minister Nishant within the security perimeter: JD(U) raises questions
निशांत कुमार और सम्राट चौधरी - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

वैशाली में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री और वैशाली के प्रभारी मंत्री निशांत कुमार को सुरक्षाकर्मियों द्वारा रोके जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने कड़ी आपत्ति जताई और पुलिस मुख्यालय से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। वहीं, मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात विशेष सुरक्षा दल (एसएसजी) ने इस घटना को मानवीय भूल बताया है।

विज्ञापन

एसएसजी की ओर से जारी प्रेस बयान में कहा गया कि मामले की जांच समादेष्टा रैंक के अधिकारी से कराई गई। जांच में सामने आया कि सुरक्षाकर्मी ने निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत काम किया था, जिसके कारण यह स्थिति बनी। एसएसजी ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच कराई गई थी।

विज्ञापन

सुरक्षा घेरे में रोके जाने पर जेडीयू ने जताई नाराजगी

पूरा मामला 18 नवंबर का है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वैशाली में प्रस्तावित जनसभा की तैयारियों का निरीक्षण करने राजापाकर पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और वैशाली जिले के प्रभारी मंत्री निशांत कुमार भी मौजूद थे।

विज्ञापन
विज्ञापन

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री जब संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे, तभी सुरक्षा में तैनात कर्मियों ने निशांत कुमार को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता और विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार ने कड़ी प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने कहा कि निशांत कुमार मुख्यमंत्री के साथ वहां पहुंचे थे और उन्हें नियमानुसार सुरक्षा का अधिकार प्राप्त था। इसके बावजूद उनके साथ ऐसा व्यवहार होना दुखद और पीड़ादायक है। नीरज कुमार ने पुलिस मुख्यालय से पूरे मामले की गहन जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह पता लगाया जाना चाहिए कि घटना अनजाने में हुई या इसके पीछे कोई जानबूझकर की गई साजिश थी।

नीरज कुमार ने कहा कि निशांत कुमार की शालीनता, सरलता और सार्वजनिक लोकप्रियता सर्वविदित है। उनके स्वाभिमान को चोट पहुंचाने की किसी भी कोशिश को स्वीकार नहीं किया जा सकता।

रोहिणी आचार्य का तंज, नीरज कुमार ने किया पलटवार

इस मामले को लेकर विपक्षी दलों ने भी एनडीए पर निशाना साधा। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की नेता रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा पर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले नीतीश कुमार को किनारे किया गया और अब उनके पुत्र निशांत कुमार को सार्वजनिक रूप से अपमानित किया जा रहा है। रोहिणी ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के नेता अपना आत्मसम्मान दबाकर बैठे हैं।

रोहिणी आचार्य के बयान पर पलटवार करते हुए जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार में किसी की इतनी हिम्मत नहीं है कि वह पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र के साथ बदसलूकी कर सके।

नीरज कुमार ने राबड़ी देवी के मुख्यमंत्री कार्यकाल का भी जिक्र किया। इसके साथ ही उन्होंने पोखरण परमाणु परीक्षण के दौरान लालू प्रसाद यादव की ओर से परीक्षण का नाम एपीजे अब्दुल कलाम के नाम पर रखने के सुझाव का उल्लेख किया।

अधिकारियों को लेकर मुख्यमंत्री के आदेश का जेडीयू ने किया समर्थन

इस घटनाक्रम के बीच जेडीयू ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के एक अन्य प्रशासनिक फैसले का भी समर्थन किया है। राज्य के विभिन्न जिलों से शिकायतें मिल रही थीं कि सरकारी विकास योजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन कार्यक्रमों में अधिकारी अधिक सक्रिय रहते हैं, जबकि जनप्रतिनिधियों को उचित स्थान और सम्मान नहीं मिलता।

इस व्यवस्था में सुधार के लिए मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्य सचिव ने आदेश जारी किया है। इसमें अधिकारियों को सरकारी योजनाओं की शिलान्यास और उद्घाटन पट्टिकाओं पर अपना नाम प्रमुखता से दर्ज कराने से बचने की हिदायत दी गई है। साथ ही उन्हें स्वयं फीता काटने या उद्घाटन करने से दूर रहने और जनप्रतिनिधियों के अधिकारों का सम्मान सुनिश्चित करने को कहा गया है।

नीरज कुमार ने इस फैसले को प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार की दिशा में जरूरी कदम बताया।

नीतीश कुमार की परंपरा को आगे बढ़ा रहे सम्राट चौधरी

जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से विभिन्न जिलों में जाकर विकास योजनाओं की समीक्षा करने की पहल की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि जिलों में पहुंचकर प्रशासनिक कामकाज की समीक्षा करना और स्थानीय लोगों से सीधा संवाद स्थापित करना पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कार्यशैली और शासनकाल की परंपरा रही है।

नीरज कुमार के मुताबिक, नीतीश कुमार ने अपने कार्यकाल में कई यात्राएं की थीं। इन यात्राओं के जरिए वे दूरदराज के क्षेत्रों में जाकर सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लेते थे। वर्तमान में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी उसी कार्यसंस्कृति का अनुसरण करते हुए जिलों का दौरा कर रहे हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed