Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   Patna News ›   Bihar: Six startups from Bihar are making their mark at the Bengaluru Tech Summit

बिहार: बेंगलुरु टेक समिट में बिहार के छह स्टार्टअप दिखा रहे दम, एआई से ड्रोन तकनीक तक नवाचारों का प्रदर्शन

Tue, 17 Nov 2026 07:10 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना Published by: शबाहत हुसैन Updated Tue, 17 Nov 2026 07:10 PM IST
सार

बिहार के छह स्टार्टअप बेंगलुरु टेक समिट 2026 में अपने तकनीकी नवाचारों का प्रदर्शन कर रहे हैं। उद्योग विभाग की इस पहल का उद्देश्य निवेश आकर्षित करना, स्टार्टअप इकोसिस्टम मजबूत बनाना और उद्यमों को राष्ट्रीय व वैश्विक पहचान दिलाना है।

 

विज्ञापन
Bihar: Six startups from Bihar are making their mark at the Bengaluru Tech Summit
बिहार के स्टार्टअप को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की पहल - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

उद्योग विभाग की ओर से 17 से 19 नवंबर तक बेंगलुरु के इंटरनेशनल एग्जिबिशन सेंटर में आयोजित टेक समिट 2026 में बिहार के तेजी से विकसित हो रहे स्टार्टअप और प्रौद्योगिकी इकोसिस्टम की क्षमता प्रदर्शित की जा रही है। विभाग की प्रमुख पहल 'स्टार्टअप बिहार' के माध्यम से राज्य के उभरते उद्यमों को देश के प्रमुख प्रौद्योगिकी आयोजनों में निवेशकों, तकनीकी विशेषज्ञों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से जुड़ने का अवसर दिया जा रहा है।

विज्ञापन

बिहार राज्य पवेलियन (हॉल-3, स्टॉल संख्या एच3-ए244) का मंगलवार को उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने उद्घाटन किया। इस अवसर पर उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता समेत विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

विज्ञापन

उद्घाटन के अवसर पर कुंदन कुमार ने कहा कि यह देखकर प्रसन्नता होती है कि बिहार के स्टार्टअप कर्नाटक में भी अपने कारोबार का विस्तार कर रहे हैं और दूसरे राज्यों में रोजगार के अवसर सृजित कर रहे हैं। यह बिहार स्टार्टअप नीति 2022 की व्यापक सोच और इसके तहत विकसित सशक्त इकोसिस्टम का प्रमाण है। राज्य सरकार संस्थापकों को वित्तीय सहायता, इन्क्यूबेशन और अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध करा रही है, ताकि वे अपने उद्यमों का राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर विस्तार कर सकें।

विज्ञापन
विज्ञापन

उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता ने प्रदर्शनी में शामिल स्टार्टअप संस्थापकों और आगंतुक प्रतिनिधियों से संवाद किया। उन्होंने उनके नवाचारों, व्यावसायिक मॉडलों और भविष्य की विस्तार योजनाओं की जानकारी ली।


पढ़ें:  महागठबंधन सरकार ने बनाई थी रूपरेखा? लालू का नाम क्यों नहीं? जवाब इस खबर में पढ़ें

इस वर्ष समिट की थीम 'एआई एंड बियॉन्ड' से प्रेरित बिहार पवेलियन में उभरती प्रौद्योगिकियों, नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में राज्य की बढ़ती क्षमताओं को प्रदर्शित किया जा रहा है। यहां स्टार्टअप बिहार इकोसिस्टम के तहत विकसित छह संभावनाशील स्टार्टअप अपने तकनीकी नवाचारों और समाधानों का प्रदर्शन कर रहे हैं।

रोबोमंथन प्राइवेट लिमिटेड ह्यूमनॉइड रोबोट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), इंटरनेट ऑफ थिंग्स और औद्योगिक स्वचालन के क्षेत्र में अपने अत्याधुनिक समाधान प्रस्तुत कर रही है। हाइप्रोटेक इंडिया टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के अनुरूप एडटेक, रोबोटिक्स, ड्रोन तकनीक और एआई/एमएल प्रयोगशालाओं से जुड़ी एकीकृत सुविधाओं का प्रदर्शन कर रही है।

वहीं, स्काउटएज (एजस्फीयर स्पोर्ट्स इंटेलिजेंस प्राइवेट लिमिटेड) कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डेटा आधारित स्पोर्ट्स इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म प्रस्तुत कर रही है। यह प्लेटफॉर्म खिलाड़ियों की प्रमाणित पहचान, प्रदर्शन विश्लेषण और खेल प्रतिभाओं की खोज में सहायक है।

एट्रोबोट ड्रोन्स प्राइवेट लिमिटेड बुनियादी ढांचे, सौर ऊर्जा, खनन और दूरसंचार जैसे क्षेत्रों के लिए सटीक ड्रोन सर्वेक्षण, लिडार मैपिंग, भू-स्थानिक विश्लेषण और एआई आधारित परिसंपत्ति प्रबंधन से जुड़े समाधान प्रदर्शित कर रही है।

एयरस्पेस ग्लोब प्राइवेट लिमिटेड एयरोस्पेस, मानव रहित विमान (यूएवी), कृषि में छिड़काव के लिए ड्रोन और भविष्य की शहरी हवाई परिवहन प्रणालियों से जुड़े नवाचार प्रस्तुत कर रही है। वहीं, वायगॉट एआई ह्यूमन इंटेलिजेंस एआई इंजन विकसित कर रहा है, जिसका पहला अनुप्रयोग के-12 शिक्षा क्षेत्र पर केंद्रित है। यह स्टार्टअप सीआईई, ट्रिपल आईटी हैदराबाद और आईएसबी आई-वेंचर से इन्क्यूबेटेड है। साथ ही, यह एनवीडिया एनसेप्शन प्रोग्राम का भी हिस्सा है।

बेंगलुरु टेक समिट 2026 में बिहार की भागीदारी नवाचार को बढ़ावा देने, स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत बनाने और प्रौद्योगिकी आधारित उद्यमिता के नए अवसर सृजित करने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। बिहार पवेलियन के माध्यम से निवेशकों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, तकनीकी विशेषज्ञों और अन्य आगंतुकों को राज्य के उभरते नवाचार परिदृश्य से परिचित कराया जा रहा है। साथ ही, उन्हें बिहार में उपलब्ध निवेश और उद्यमिता के अवसरों की जानकारी भी दी जा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed