Bihar News: पटना आईआईटी कैंपस में तेलंगाना के छात्र का शव मिलने से हड़कंप, मौत के कारणों का पता लगा रही पुलिस
IIT Patna: छात्र की मौत कैसे हुई? इसका पता अब तक नहीं चल पाया है। पुलिस एफएसएल टीम की मदद से मौत के कारणों का पता लगा रही है। कुछ लोगों से पूछताछ भी चल रही है। पटना आईआईटी भी मामले की अपने स्तर से जांच कर रही है।
विस्तार
पटना जिले के बिहटा के अमहारा थाना क्षेत्र स्थित आईआईटी पटना परिसर में मृतक छात्र की पहचान हर्षित पटनायक के रूप में हुई है, जो तेलंगाना का निवासी बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन की टीम और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम मौके पर पहुंच गई। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह आईआईटी परिसर के बॉयज हॉस्टल के बगल स्थित मैदान में लोगों ने एक युवक का शव देखा, जिसके बाद प्रशासन को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि छात्र की मौत कैसे हुई, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, शुक्रवार शाम इलाके में बारिश और तेज हवा चली थी। इसके कारण परिसर के कई हिस्सों में पानी जमा हो गया था और कुछ जगहों पर बिजली के तार भी गिरे हुए थे। आशंका जताई जा रही है कि छात्र सुबह हॉस्टल से टहलने या खेलने के लिए बाहर निकला था, उसी दौरान यह हादसा हुआ।
वहीं, घटना की पुष्टि करते हुए पटना पश्चिम सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि आईआईटी प्रशासन से परिसर में एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
Bihar TRE 4: पटना में प्रदर्शन करने वाले पांच हजार शिक्षक अभ्यर्थियों पर केस, चार गिरफ्तार; क्या है आरोप?
जानिए पटना आईआईटी ने क्या कहा?
आईआईटी पटना की ओर से बताया गया कि हमें अत्यंत दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि हैदराबाद निवासी सदासिवुनी हर्षित पटनायक (2201EE89) का कलाम हॉस्टल के पास एक दुर्घटना में निधन हो गया है। हर्षित ने आईआईटी पटना में अपने तीन वर्ष पूरे कर लिए थे और वर्तमान में ड्यूल डिग्री कार्यक्रम के तहत आईआईएम बॉम्बे में अध्ययनरत थे। हमारी जानकारी के अनुसार, वह अपने सहपाठियों के फेयरवेल कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आईआईटी पटना आए हुए थे। इस दुखद घटना से हम सभी स्तब्ध और बेहद दुखी हैं। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की फिलहाल जांच की जा रही है। हम सभी से अनुरोध करते हैं कि शांत बनाए रखें तथा इस कठिन समय में हर्षित के परिवार और मित्रों के लिए प्रार्थना एवं सहयोग प्रदान करें। उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे आईआईटी पटना पहुंच रहे हैं। साथ ही, सभी आवश्यक औपचारिकताओं की प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.