Bihar TRE 4: पटना में प्रदर्शन करने वाले पांच हजार शिक्षक अभ्यर्थियों पर केस, चार गिरफ्तार; क्या है आरोप?
Bihar News: टीआरई चार के विज्ञापन की मांग कर रहे शिक्षक अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज के बाद अब प्राथमिकी भी दर्ज कर ली गई है। चार अभ्यर्थियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पटना में चौथे चरण की परीक्षा को लेकर सड़क पर आंदोलन करने वाले अभ्यर्थियों पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। गांधी मैदान थाना की ओर से बताया गया कि पांच हजार अज्ञात और चार नामजद अभियुक्तों पर प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है। छात्र नेता दिलीप कुमार समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। कुछ अभ्यर्थियों से पूछताछ चल रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इन अभ्यर्थियों पर विधि व्यवस्था प्रभावित करने, यातायात बाधित करने और पुलिसकर्मियों के साथ गलत ढंग से पेश आने का आरोप लगा है। वहीं अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार हमारी आवाज दबाने के लिए ऐसा कह रही है। वह छात्रों के सवालों का जवाब नहीं दे पा रही है इसलिए पहले पहले हमलोगों को बेरहमी से दौड़ा-दौड़ाकर मारा गया। इसके बाद अब केस भी कर दिया गया है।
जानिए शुक्रवार को क्या हुआ था?
पटना में TRE 4 के विज्ञापन जारी करने और बीपीएससी नियमावली में बदलाव की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस कार्रवाई हुई है। पटना कॉलेज से निकाला गया विरोध मार्च जब जेपी गोलंबर पहुंचा, तो वहां बड़ी संख्या में जुटे हजारों अभ्यर्थियों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बन गई। इसी दौरान प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, जिससे कई छात्र-छात्राएं घायल हो गए। छात्र नेता दिलीप के नेतृत्व में हो रहे इस आंदोलन में अभ्यर्थी लगातार परीक्षा प्रक्रिया में देरी का विरोध कर रहे थे और जल्द विज्ञापन जारी करने की मांग कर रहे थे।