Bihar News : विवादों में घिर गई मशाल प्रतियोगिता, दो गुटों में हुई मारपीट; चार घायल छात्र अस्पताल में भर्ती
Bihar Dispute during Masala sports competition : पटेल कॉलेज, भभुआ में चल रही मसाल खेल प्रतियोगिता विवादों में घिर गई। कबड्डी मैच के बाद दो पक्षों में विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। चार प्रतिभागी इस विवाद में घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
विस्तार
Bihar News : बिहार के कैमूर जिले के पटेल कॉलेज, भभुआ में चल रहे मसाल खेल प्रतियोगिता विवादों में घिर गई है। बीते दिन अंडर-16 कबड्डी मैच के बाद दुर्गावती और रामपुर के खिलाड़ियों के बीच विवाद हो गया। मैदान में मामूली नोकझोंक से शुरू हुआ विवाद बाहर सड़क तक पहुंच गया, जहां दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इस झड़प में रामपुर के चार छात्र घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल, भभुआ में भर्ती कराया गया।
मौजूद लोगों ने किसी तरह शांत कराया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कबड्डी मैच में रामपुर की टीम ने दुर्गावती को हराया था। हार के बाद दोनों टीमों के बीच पहले मैदान में धक्का-मुक्की हुई, जिसे मौजूद लोगों ने किसी तरह शांत कराया। लेकिन जैसे ही खिलाड़ी बाहर निकले, रामपुर के छात्रों पर कथित रूप से दुर्गावती के छात्रों ने वन विभाग के पास घेरकर हमला कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम और डीएसपी भभुआ सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों से बातचीत कर पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि खेल मैदान से कुछ दूरी पर सड़क पर यह घटना हुई, जिसमें दो छात्रों को चोटें आईं हैं और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
कई बार शिकायत के बावजूद जांच नहीं की गई
इस पूरे विवाद पर बिहार रेफरी अजय कुमार निषाद ने आरोप लगाया कि दुर्गावती की टीम में अंडर-16 से बड़े छात्र खेल रहे थे। उन्होंने बताया कि रामपुर से 72 छात्र इस प्रतियोगिता में भाग लेने आए हैं, और कई बार शिकायत के बावजूद न तो जांच की गई और न ही कोई कार्रवाई हुई। मैच हारने के बाद दुर्गावती के छात्रों ने रामपुर के बच्चों पर हमला कर दिया।
ये भी पढ़ें- Bihar News : मुंगेर दोहरे हत्याकांड पर बड़ा एक्शन, शूटर बबलू समेत मुख्य 10 आरोपी गिरफ्तार; छापेमारी जारी
कहासुनी के बाद मारपीट हुई- एसडीएम
एसडीएम ने कहा कि मसाल खेल प्रतियोगिता के दौरान दो पक्षों में कहासुनी के बाद हल्की मारपीट की घटना हुई है। एक-दो बच्चों को मामूली चोटें आई हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है। शारीरिक शिक्षक उपाधीक्षक ओमप्रकाश ने जानकारी दी कि 10 अगस्त से 13 अगस्त तक मसाल खेल प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। कबड्डी मैच के दौरान ही दोनों टीमों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो बाद में मारपीट में बदल गया।
ये भी पढ़ें- Bihar News : जहरीला दूध पीने से दो बच्चों की मौत, एक बच्ची की हालत गंभीर; जांच में जुटी पुलिस