Bihar: नालंदा में विवाहिता की संदिग्ध अवस्था में हुई मौत, पीहर पक्ष ने लगाया दहेज प्रताड़ना का आरोप
Bihar: परिजनों का आरोप है कि बीते दस दिनों से काजल के साथ लगातार झगड़ा हो रहा था। पति शैलेंद्र उस पर एक लाख साठ हजार रुपये लाने का दबाव बना रहा था, जिससे वह मोटरसाइकिल खरीद सके। सोमवार को मायके पक्ष को सूचना मिली कि काजल ने फांसी लगा ली है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र स्थित अषाढ़ी गांव में सोमवार को एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका की पहचान अषाढ़ी गांव निवासी शैलेंद्र मांझी की 22 वर्षीय पत्नी काजल कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद मायके पक्ष ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है।
मृतका के पिता लड्डू मांझी, जो हरनौत थाना क्षेत्र के तीरा गांव निवासी हैं, ने बताया कि तीन वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी पुत्री काजल की शादी शैलेंद्र मांझी से की थी। उस समय भी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया गया था। शादी के बाद काजल को एक पुत्र और एक पुत्री भी हुए। लेकिन हाल के दिनों में ससुराल वाले एक बार फिर दहेज की मांग करने लगे थे।
परिजनों का आरोप है कि बीते दस दिनों से काजल के साथ लगातार झगड़ा हो रहा था। पति शैलेंद्र उस पर एक लाख साठ हजार रुपये लाने का दबाव बना रहा था, जिससे वह मोटरसाइकिल खरीद सके। सोमवार को मायके पक्ष को सूचना मिली कि काजल ने फांसी लगा ली है। जब वे उसके ससुराल पहुंचे तो देखा कि काजल का शव जमीन पर पड़ा था और घर के सभी लोग फरार थे।
पढ़ें: अपराध से अर्जित संपत्ति पर अब IO करेगा सीधी कार्रवाई, कोर्ट से होगी अटैचमेंट: DGP विनय कुमार
स्थानीय लोगों की मदद से परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
इस संबंध में हिलसा थाना अध्यक्ष अभिजीत कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ स्थित सदर अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हैं। मामले की जांच जारी है।