Bihar Crime: नालंदा में वीभत्स हत्या... युवक का गुप्तांग काटा गया, शरीर पर कई जगह जख्म; बीती शाम से था लापता
Nalanda Crime: सदर डीएसपी नूरुल हक ने बताया कि सुबह पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति का शव हिराजित तिमोहनी के पास पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। उसके बाद शव की पहचान कर परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है।
विस्तार
बिहार के नालंदा में रविवार की सुबह सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मामला चेरो ओपी के द्वारिका बीघा गांव के हिराजित तिमोहिनी के पास का है। घंटों की तफ्तीश के बाद मृतक की पहचान हरनौत थाना क्षेत्र के डाकबंगला गांव निवासी दिवंगत दिनेश सिन्हा के बेटे अभिनव कुमार (35) के रूप में की गई है। पुलिस हत्या किए जाने के रहस्य के कारण में उलझकर रह गई है। हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
लोग काम पर निकले तब खुलासा हुआ
फिलहाल घटना को लेकर परिजन कुछ भी बताने से परहेज कर रहे हैं। मृत पाया गया युवक बीती शाम से लापता था, जिसकी बर्बरता पूर्वक हत्या की गई है। गुप्तांग काट दिए गए हैं, शरीर के कई अन्य हिस्सों पर भी जख्म के निशान हैं। बताया जा रहा है कि रविवार की सुबह जब लोग अपने-अपने घरों से काम पर जाने के लिए खेत और बाजार की ओर निकले तो घटना का खुलासा हुआ।
शव देखने के लिए मौके पर जमा हुई भीड़
जानकारी के मुताबिक, युवक भाड़े के चार पहिया वाहन पर चालक का काम किया करता था। वहीं, इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। घटना की जानकारी जैसे ही ग्रामीणों में फैली, मौके पर भारी संख्या में लोग शव को देखने के लिए जुट गए।
'गला समेत शरीर के कई हिस्सों पर हैं जख्म'
वहीं, इस मामले को लेकर सदर डीएसपी नूरुल हक ने बताया कि सुबह पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति का शव हिराजित तिमोहनी के पास पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। उसके बाद शव की पहचान कर परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। गला समेत शरीर के अन्य हिस्सों पर जख्म पाए गए हैं। एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम को घटनास्थल पर बुलाया जा रहा है।