नीतीश ने कसा तंज, हम गांवों को ही बना देंगे स्मार्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि केंद्र वाले लोग काम में कमजोर और प्रचार में मजबूत हैं, जबकि हम काम में मजबूत और प्रचार में कमजोर हैं। मुख्यमंत्री रविवार को कच्ची दरगाह से बिदुपुर तक एशिया के सबसे लंबे ब्रिज का कार्यारंभ करने के मौके पर बोल रहे थे।
केंद्र सरकार और विपक्ष पर जमकर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ये लोग एहसान फरामोश हैं। वोट ले लिए और भूल गए। नीतीश ने कहा कि आजकल खूब स्मार्ट सिटी की बात चल रही है। बिहार और बंगाल के एक भी शहरों का नाम उसमें शामिल नहीं है।
मैंने पहले ही कहा था कि हम अपने गांवों को इतना स्मार्ट बनाएंगे कि लोग इनके स्मार्ट सिटी को ताकने नहीं जाएंगे। उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के साथ मंच पर पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि उपमुख्यमंत्री का नाम तेजस्वी है और इनका काम भी तेजस्वी जैसा ही चल रहा है।
एशिया के सबसे लंबे पुल के कार्यारंभ के मौके पर बोले सीएम
नीतीश ने कहा कि बिहार में इतना विकास का काम होगा कि विरोधी छाती पिटते रह जाएंगे। बिहार भाजपा के नेताओं पर हमला बोलते हुए सीएम ने कहा कि कार्यक्रम में लालू के आने से लोगों को परेशानी होती है। सवाल यह है कि वह क्यों नहीं आएंगे।
इस कार्यक्रम में सभी विरोधियों को बुलाया था, लेकिन कोई नहीं पहुंचा। उन्होंने दोहराया कि बिहार में कानून का राज है और कानून का राज रहेगा।
कोई भी अपराधी बचेगा नहीं। नीतीश ने जिस पुल का कार्यारंभ किया है, उसको लेकर कहा कि इस पुल के लिए राज्य सरकार ने पांच हजार करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इसमें केंद्र सरकार का एक रुपया तक नहीं लगा है। यह पुल 2019 तक बनकर तैयार हो जाएगा।
हमें स्मार्ट सिटी नहीं, स्मार्ट गांव चाहिए : लालू
यह पुल बिहार का पहला सिक्स लेन पुल होगा। पुल की लंबाई 9.7 किलोमीटर है। एप्रोच रोड और वाया डक्ट को जोड़कर इसकी पूरी लंबाई 20.76 किलोमीटर हो जाती है। एशियन डेवलपमेंट बैंक ने इस पुल के निर्माण के लिए तीन हजार करोड़ रुपये का कर्ज दिया है।
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने कहा है कि बिहार में गठबंधन की सरकार पूरी मजबूती से चल रही है और विकास का काम तेजी से हो रहा है। लालू ने कहा कि स्मार्ट सिटी बिहार को नहीं मिली। हम तो पहले ही कह रहे थे कि हमें स्मार्ट सिटी नहीं, स्मार्ट गांव चाहिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिन शहरों को स्मार्ट सिटी का दर्जा देने का निर्णय लिया है, वहां भी यह संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि बिहार में गरीब की सरकार है और गरीब के विकास के लिए सरकार काम कर रही है। लालू ने कहा कि जैसे मैंने रेलवे को चमकाया, मैं और नीतीश बिहार को चमकाएंगे।