Bihar: मुजफ्फरपुर में बाहर से आए युवक की स्थानीय दुकानदार से कहासुनी, आक्रोशित व्यापारियों ने किया सड़क जाम
Bihar: स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि युवक झारखंड के रांची का रहने वाला रवि पोद्दार है, जो पास के एक होटल में ठहरा हुआ था। गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद हुआ, जिसमें उसने मारपीट और गाली-गलौज की।
विस्तार
नगर थाना क्षेत्र के तिलक मैदान रोड पर बुधवार को एक बाहर से आए युवक और स्थानीय दुकानदार के बीच कहासुनी हो गई। बताया गया कि युवक पास की एक निजी होटल में ठहरा हुआ था और उसने अपनी गाड़ी एक दुकान के पास खड़ी कर दी। इसी बात को लेकर दुकानदार से उसकी बहस हो गई, जो बाद में गाली-गलौज और हाथापाई में बदल गई।
झगड़े के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। घटना से नाराज स्थानीय दुकानदारों ने विरोध स्वरूप सड़क मार्ग को जाम कर दिया और जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दुकानदारों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद सड़क से जाम हटवाया गया और यातायात सामान्य किया गया।
पढ़ें; सड़क हादसे में दो दोस्तों की दर्दनाक मौत, एक की हालत गंभीर; जानें कैसे हुआ हादसा?
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि युवक झारखंड के रांची का रहने वाला रवि पोद्दार है, जो पास के एक होटल में ठहरा हुआ था। गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद हुआ, जिसमें उसने मारपीट और गाली-गलौज की। दुकानदारों की मांग है कि पुलिस आरोपी को पकड़कर कार्रवाई करे।नगर थाना पुलिस ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आगे की जांच और कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।