बिहार: बेटी की शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे शिक्षक की सड़क हादसे में मौत, 25 नवंबर को होनी थी शादी
बिहार के किशनगंज जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र में शनिवार रात बंगाली चौक के पास दो तेज रफ्तार बाइकों की टक्कर में सहायक शिक्षक साहेबलाल राय (45) की मौत हो गई। वह बेटी की 25 नवंबर को होने वाली शादी का निमंत्रण कार्ड बांटकर घर लौट रहे थे।
विस्तार
बिहार के किशनगंज जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों वाले घर में मातम पसरा दिया। बहादुरगंज थाना क्षेत्र के बंगाली चौक के पास शनिवार रात दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक सहायक शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक अपनी बेटी की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटकर घर लौट रहे थे। उनकी बेटी की शादी 25 नवंबर को होनी थी, लेकिन इससे पहले ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
बेटी की शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे थे शिक्षक
मृतक की पहचान बनगामा निवासी साहेबलाल राय (45) के रूप में हुई है। वह पेशे से शिक्षक थे और बहादुरगंज के उत्क्रमित मध्य विद्यालय दलबाड़ी में सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। अपने सरल स्वभाव और अच्छे व्यक्तित्व के कारण वह पूरे इलाके में सम्मानित थे।
जानकारी के अनुसार, साहेबलाल राय शनिवार रात करीब आठ बजे अपनी बेटी की शादी का निमंत्रण कार्ड रिश्तेदारों और परिचितों को बांटकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बंगाली चौक के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि साहेबलाल राय की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़, घायल युवक अस्पताल में भर्ती
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और वहां भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बहादुरगंज थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों की मदद से दूसरी बाइक पर सवार गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
जिस घर में बजनी थी शहनाई, वहां मची चीख-पुकार
साहेबलाल राय की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं और शहनाई बजने वाली थी, वहां अब चीख-पुकार मची हुई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
25 नवंबर को बेटी की शादी होनी थी। पिता शादी का निमंत्रण बांटकर घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। घटना के बाद से पूरे बनगामा और दलबाड़ी इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
