बिहार: मुजफ्फरपुर में नकली नोट गिरोह का भंडाफोड़, पुलिस की वर्दी में डील करने पहुंचा रिटायर्ड होमगार्ड जवान
मुजफ्फरपुर के मोतीपुर में एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने नकली नोटों के कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक सेवानिवृत्त होमगार्ड जवान भी शामिल है, जो पुलिस की वर्दी पहनकर नकली नोटों की डील करने पहुंचा था।
विस्तार
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र में एसटीएफ और मोतीपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने नकली नोटों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मिली गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने जाल बिछाकर जाली भारतीय नोटों की आपूर्ति करने वाले एक अंतरजिला गिरोह के छह तस्करों को रंगे हाथ दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपियों में होमगार्ड का एक सेवानिवृत्त जवान भी शामिल है, जो पुलिस की खाकी वर्दी पहनकर नकली नोटों की डील करने पहुंचा था, ताकि रास्ते में चेकिंग या किसी तरह के संदेह से बच सके। पकड़े गए आरोपियों के पास से 'मनोरंजन बैंक' मुद्रित नकली नोट बरामद किए गए हैं। बताया जा रहा है कि यह गिरोह इन नोटों को असली नोटों के बीच देकर रकम दोगुनी करने और मुनाफा देने का झांसा देकर लोगों से ठगी करता था।
दरअसल, एसटीएफ की विशेष टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि मोतीपुर इलाके में नकली नोटों की एक बड़ी खेप की डिलीवरी होने वाली है। इसके बाद मुजफ्फरपुर पुलिस के साथ मिलकर त्वरित नाकेबंदी की गई। संदिग्धों को चारों तरफ से घेर लिया गया और इसके बाद सभी को पकड़ लिया गया। पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों में एक मुजफ्फरपुर और पांच पूर्वी चंपारण के रहने वाले हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में मो. साबिर, भीखनपुर, थाना मनियारी, जिला मुजफ्फरपुर, सुरेश राय, चरंगा, थाना तुरकौलिया; कृष्णा पटेल, हेमंत छपरा, थाना कोटवा; राहुल सिंह, थाना कोटवा; साधु साहनी, बरहरवा, थाना कोटवा और बीरेन्द्र पासवान, चिउटाहा, थाना कोटवा, सभी पूर्वी चंपारण जिले के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार, सेवानिवृत्त होमगार्ड जवान अपनी वर्दी की आड़ में इस अवैध धंधे को संरक्षण दे रहा था। इस मामले में पुलिस अब सभी गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह के तार सीमावर्ती नेपाल या अन्य राज्यों के तस्करों से तो नहीं जुड़े हैं। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें- बिहार: जमुई कोर्ट पहुंचा ‘मड़वा पहाड़’ कांड का मुख्य आरोपित नंदन यादव, सुरक्षा में छावनी बना व्यवहार न्यायालय
पूरे मामले की जानकारी देते हुए ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आधा दर्जन लोगों को पकड़ा गया है। गिरफ्तार आरोपी जाली नोटों की आड़ में लोगों से ठगी करने का काम करते थे। इनके पास से 'मनोरंजन बैंक' लिखा और मुद्रित नकली नोट बरामद किए गए हैं। इनके पास से एक वाहन और पुलिस के स्टिकर भी बरामद किए गए हैं। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है और सभी को जेल भेजा जा रहा है।

फेक नोट गैंग का पर्दाफाश

फेक नोट गैंग का पर्दाफाश