Bihar News: 19 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, महिला की शोर मचाने पर पहुंचे लोग; जांच में जुटी पुलिस
Bihar: मृतक ने अपने घर के सामने बने करकट वाले कमरे में गमछे से फांसी लगा ली। घटना की जानकारी सबसे पहले पास में रहने वाली एक महिला को हुई, जिसने युवक को फंदे से लटका हुआ देखा। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे
विस्तार
हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र के मतवलवा अखाड़ा स्थित अंसारी मोहल्ले में गुरुवार दोपहर बाद एक 19 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मोहम्मद समीर, पिता मोहम्मद मुन्ना, निवासी अंसारी मोहल्ला के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहम्मद समीर ने अपने घर के सामने बने करकट वाले कमरे में गमछे से फांसी लगा ली। घटना की जानकारी सबसे पहले पास में रहने वाली एक महिला को हुई, जिसने युवक को फंदे से लटका हुआ देखा। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना तुरंत जदूआ ओपी प्रभारी रामनिवास कुमार को दी।
पढ़ें: शादी समारोह से लौट रहे चाचा-भतीजा सहित चार लोगों की सड़क हादसे में मौत, कई गंभीर रूप से घायल
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। नगर थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है।