बिहार: लिफ्ट देने के बहाने छात्रा को कार में बिठाया, सुनसान जगह पर ले जाकर हैवानियत की; जानिए पूरी कहानी
Bihar Crime News: शेखपुरा में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में एसपी ने एसआईटी गठित की। आरोपी के मोबाइल नंबर से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने 12 घंटे में उसे गिरफ्तार कर लिया। घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
विस्तार
बिहार के शेखपुरा में लिफ्ट देने का झांसा देकर एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि कोचिंग से घर लौटने के लिए सड़क किनारे खड़ी छात्रा को एक युवक ने स्कॉर्पियो में बैठाया और सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ दरिंदगी की। वारदात के बाद आरोपी ने छात्रा को बेहोशी की हालत में सड़क किनारे छोड़ दिया। किसी तरह घर पहुंची पीड़िता ने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के करीब 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
शनिवार को एसडीपीओ कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार शाम छात्रा शहर के आरडी कॉलेज मोड़ पर कोचिंग के बाद घर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान जखराज स्थान निवासी अमृत कुमार उर्फ अमित कुमार अपनी स्कॉर्पियो लेकर वहां पहुंचा। उसने छात्रा को घर छोड़ने के लिए लिफ्ट देने की पेशकश की। छात्रा ने पहले अपने परिजनों से बात करने की शर्त रखी। इसके बाद आरोपी ने अपने मोबाइल से उसके परिजन को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। आरोपी ने छात्रा को सुरक्षित घर पहुंचाने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद वह वाहन में बैठ गई।
सुनसान रास्ते पर ले जाकर की वारदात
पुलिस के अनुसार, आरोपी छात्रा को घर पहुंचाने के बजाय भदौस मोड़ से आगे मदारी रोड की ओर सुनसान जगह पर ले गया। आरोप है कि वहां उसने स्कॉर्पियो के भीतर ही छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद पीड़िता को बेहोशी की हालत में पचना गांव के पास झारखंड मंदिर मोड़ के समीप छोड़कर फरार हो गया। बदहवास हालत में घर पहुंचने के बाद छात्रा ने परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद रात में ही महिला थाने में मामला दर्ज कराया गया।
बिहार: नवनिर्वाचित एमएलसी राहुल राज ने सीएम सम्राट चौधरी से की मुलाकात, शिक्षकों की लंबित मांगों पर रखी बात
एसपी ने गठित की एसआईटी, लखीसराय से पकड़ा गया आरोपी
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी हिमांशु ने एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की। इसमें साइबर डीएसपी, सदर थानाध्यक्ष, महिला थानाध्यक्ष और तकनीकी सेल की टीम को शामिल किया गया। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल नंबर को ट्रेस कर उसकी लोकेशन का पता लगाया। इसके आधार पर देर रात लखीसराय जिले के जमुई मोड़ स्थित मुन्ना सिंह के मकान से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो (नंबर- BR01 KJ 2095) और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। एसडीपीओ ने बताया कि पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई है। साथ ही फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने वाहन और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
परिजन को किए गए फोन से पुलिस को मिला सुराग
इस मामले में आरोपी का मोबाइल नंबर पुलिस के लिए अहम सुराग बना। दरअसल, छात्रा को वाहन में बैठाने से पहले आरोपी ने अपने फोन से उसके परिजन को कॉल किया था। इसी नंबर के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और मोबाइल लोकेशन के जरिए आरोपी तक पहुंच गई। एसडीपीओ ने बताया कि मामले का स्पीडी ट्रायल कराया जाएगा और 15 दिनों के भीतर आरोपी के खिलाफ अदालत में आरोपपत्र दाखिल करने का लक्ष्य रखा गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी जखराज स्थान निवासी शशिभूषण सिंह का पुत्र है। वह पहले डीटीओ कार्यालय में दलाली का काम भी करता था।