बिहार: बसकटवा जंगल में बेहोश मिली महिला, शरीर पर चोट के निशान; कई दिनों से थी लापता
गयाजी के फतेहपुर प्रखंड में बसकटवा जंगल के पास सोमवार को एक महिला अर्धनग्न और बेहोशी की हालत में मिली। उसके शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया है और मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
विस्तार
गयाजी जिले के फतेहपुर प्रखंड के गुरपा थाना क्षेत्र स्थित बसकटवा जंगल के पास एक महिला अर्धनग्न और बेहोशी की हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। महिला के शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पीड़िता का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फतेहपुर में चल रहा है।
जंगल में बेहोश मिली महिला
गया जिले के फतेहपुर प्रखंड के गुरपा थाना क्षेत्र के बसकटवा जंगल के समीप सोमवार को एक महिला अर्धनग्न और बेहोशी की हालत में मिली। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना गुरपा थाना पुलिस को दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला बेहोशी की हालत में बार-बार पानी मांग रही थी। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान भी दिखाई दिए, जिसके बाद घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती
सूचना मिलते ही गुरपा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अपने संरक्षण में लेकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फतेहपुर में भर्ती कराया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। फिलहाल महिला की हालत ऐसी नहीं है कि वह घटना के संबंध में कोई बयान दे सके। पुलिस का कहना है कि उसके होश में आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
कई दिनों से लापता थी महिला
प्राथमिक जांच में महिला की पहचान नवादा जिले की रहने वाली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह पिछले कई दिनों से लापता बताई जा रही थी। हालांकि, उसे जंगल तक कैसे लाया गया और उसके साथ क्या हुआ, इसका अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आसपास के इलाकों से भी जानकारी जुटा रही है और महिला के परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया में जुटी है।
ये भी पढ़ें- समस्तीपुर में दुकानदार की गला रेतकर हत्या: खरीदने के बहाने दुकान पर पहुंचा युवक, वारदात के बाद फरार
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
गुरपा थाना प्रभारी शिवनंदन कुमार ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि एक महिला बेहोशी की हालत में पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। उन्होंने कहा कि फिलहाल पीड़िता कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है। इसलिए घटना के कारणों पर अभी कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। महिला के होश में आने और चिकित्सकीय जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।