Bihar News: फौजी चाचा ने भतीजे के सीने में दागी गोली, बक्सर में रिश्तों का कत्ल, जानें मामला
बक्सर में ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के जयपुर गांव में रविवार सुबह बंटवारे के विवाद को लेकर हुई कहासुनी के बाद चाचा ने भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद चाचा मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आरोपी के परिजन को हिरासत में ले पूछताछ कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार में बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद में चाचा ने अपने सगे भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना जयपुर गांव की है। सुबह-सुबह बंटवारे के विवाद को लेकर चाचा और भतीजे में कहासुनी हो गई। उसके बाद चाचा ने दनादन गोलियां चला दीं जो भतीजे को जा लगीं। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए आरा ले जाया गया। लेकिन इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी के घर के एक सदस्य को हिरासत में ले पूछताछ कर रही है। पुलिस ने मौके से राइफल और कारतूस भी बरामद की है।
पुस्तैनी खेत और ब्रम्हपुर में एक मकान का था विवाद
जानकारी के अनुसार, जयपुर निवासी तारक पांडेय रिटायर्ड फौजी हैं। रिटायरमेंट के बाद गांव की संपत्ति के बंटवारे को लेकर उनके और उनके पाटीदारों सत्यनरायण पांडेय के बीच करीब एक साल से विवाद चल रहा है। इसी विवाद को लेकर सुबह करीब 8:30 बजे उनके और उनके भतीजे पप्पू पांडेय के बीच में कहासुनी हुई। देखते ही देखते झगड़ा खूनी संघर्ष में बदल गया। तारक पांडेय ने पप्पू पांडेय (26) को निशाना बनाकर गोली चला दी, जो उसके सीने में जा लगी। इस हमले में वह बुरी तरह घायल हो गया। युवक नीचे गिर कर छटपटाने लगा। फिर परिजन आनन-फानन में आरा हॉस्पिटल लेकर भागे। जहां डाक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
मौके से राइफल और कारतूस हुए बरामद
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ब्रह्मपुर थाना अध्यक्ष बैजनाथ चौधरी सदल बल पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए। फिलहाल हत्यारोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना घर के आंगन में हुई है। पुश्तैनी जमीन बंटवारे को लेकर विवाद था। घटना को अंजाम देकर तारक पांडेय जहां मौके से फरार हो गए, वहीं अन्य परिजन पप्पू को इलाज के लिए लेकर आरा चले गए। उन्होंने बताया कि घर के एक सदस्य को हिरासत में ले पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मौके से एक राइफल और कारतूस बरामद किया है।
सुबह घर आंगन में हुई घटना
मृतक के मामा सुरेंद्र दुबे ने बताया कि तारक पांडेय और सत्यनरायण पांडेय में गांव के खेत और एक पुश्तैनी घर के बंटवारे को लेकर एक साल से विवाद चल रहा है। आज सुबह में आंगन में झाड़ू लगाने के दौरान विवाद बढ़ गया। इसमें तारक पांडेय राइफल लेकर कूद पड़े और गोली मार दी। इस घटना के बाद जहां परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। वहीं, दूसरी तरफ खून के रिश्तों में खून-खराबे की यह खबर पूरे गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है।