Bihar : बिहारी अस्मिता के लिए IPS विकास वैभव के पक्ष में सड़क पर अब 'खास लोग' भी उतरने लगे
Vikas Vaibhav IPS : युवाओं के साथ बिहार में 'खास लोग’ भी IG विकास वैभव के समर्थन में उतर रहे हैं। ऐसे लोग खुलकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तक को नसीहत दे रहे हैं कि अगर वह बिहारी अस्मिता में आम बिहारियों के साथ हैं तो उन्हें गालीबाज अफसरशाह को सजा देनी चाहिए, न कि प्रताड़ित हुए IPS विकास वैभव हुए या अन्य ऐसे अफसरों को।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहारी अस्मिता के लिए मुहिम चला रहे IPS विकास वैभव को पहले बिहारी, कामचोर, ब्लडी आईजी और मां-पत्नी को गाली देना...फिर छुट्टी का उनका आवेदन अटकाना और अब विभागीय कार्यवाही की अनुशंसा करना; एक लगातार कई कदम होमगार्ड DG शोभा अहोटकर के लिए खाई का रूप लेता जा रहा है। युवाओं के साथ बिहार में 'खास लोग’ भी IG विकास वैभव के समर्थन में उतर रहे हैं। ऐसे लोग खुलकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तक को नसीहत दे रहे हैं कि अगर वह बिहारी अस्मिता में आम बिहारियों के साथ हैं तो उन्हें गालीबाज अफसरशाह को सजा देनी चाहिए, न कि प्रताड़ित हुए IPS विकास वैभव हुए या अन्य ऐसे अफसरों को।
पटना: छात्रों के साथ गुरु रहमान भी सड़क पर
बिहार के सुप्रसिद्ध शिक्षक गुरु रहमान मंगलवार को पटना के कारगिल चौक पर सैकड़ों छात्रों के साथ सड़क पर उतर आए। उन्होंने आईपीएस विकास वैभव के समर्थन में शांतिपूर्ण विरोध मार्च निकाला तथा गृह रक्षा वाहिनी की DG शोभा अहोटकर को अविलंब बर्खास्त करने की राज्य सरकार से मांग की। गुरु रहमान ने कहा कि गालियां एक संवेदनशील और बिहारी अस्मिता की लड़ाई लड़ रहे विकास वैभव को नहीं दी गई, यह हर बिहारी को दी गई। यह अपमान हम बिहारी कभी नहीं सहेंगे। गुरु डॉ. एम. रहमान ने मुख्यमंत्री से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि बिहार में विकास वैभव एक बड़े यूथ आईकॉन हैं और उनके आदर्शों से प्रभावित होकर बिहारी युवा कई क्षेत्रों में सकारात्मक प्रगति दिखा रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि अगर नाइंसाफी की राह पर सरकार चली तो युवाओं का आंदोलन दिन-ब-दिन बड़ा होता जाएगा।
बांका: पुलिस मित्र यहां भी सड़क पर उतरे
सीवान के बाद अब एक और जिले में ग्राम रक्षा दल-सह-पुलिस मित्र आईपीएस विकास वैभव के समर्थन में उतर आया। मंगलवार को ग्राम रक्षा दल-सह-पुलिस मित्र बांका की तरफ से प्रांतीय अध्यक्ष सिकंदर पासवान के नेतृत्व एवं जिला अध्यक्ष भागवत साह की अध्यक्षता में गांधी चौक बांका से समाहरणालय गेट तक DG शोभा अहोटकर के खिलाफ आक्रोश मार्च निकाला गया। प्रदर्शनकारी नारे लगाते रहे- बिहारी अस्मिता का अपमान नहीं सहेगा बिहार। प्रदर्शन में शामिल पुलिस मित्रों ने बिहारी अस्मिता के लिए खड़े आईपीएस विकास वैभव के अपमान के लिए DG शोभा अहोटकर से माफी की मांग की।
दरभंगा: बकवास बंद कर माफी मांगें DG
दरभंगा आयुक्त कार्यालय के पास DG शोभा अहोतकर के बर्ताव के खिलाफ लोगों ने प्रदर्शन किया और कहा कि यह घोर आश्चर्य का विषय है कि IPS विकास वैभव जैसे प्रतिभाशाली अफसर के बारे में बकवास बातें कही जा रही हैं। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि इंजीनियर, आईपीएस और बिहार को लेकर सदैव एक बेहद संवेदनशील व्यक्तित्व के रूप में नजर आए विकास वैभव को सरकार किस साजिश के तहत परेशान कर रही है। सरकारी तंत्र उन्हें मानसिक प्रताड़ित कर रहा है और यह मानना संभव नहीं कि इसमें सरकार की भूमिका नहीं। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि सरकार अगर साजिश में शामिल नहीं है तो बिहारी या गाली देने वाले रिकॉर्डिंग को सार्वजनिक करने की छूट दे। सरकार समाधान नहीं देगी तो जवाब बिहार दे देगा।
बेतिया: बिहारी यूथ आइकॉन के लिए आंदोलन
बेतिया में दर्जनों लोगों ने आईजी विकास वैभव के समर्थन में नारेबाजी करते हुए मुख्य सड़कों पर लोगों को बिहारी अस्मिता की मुहिम से जोड़ा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह किसी व्यक्ति का किसी व्यक्ति विशेष के लिए प्रदर्शन नहीं, बल्कि बिहार के यूथ आइकॉन के लिए आम बिहारियों का प्रदर्शन है। ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और बिहारी अस्मिता की मुहिम चलाकर देश-दुनिया के लोगों को जोड़ रहे विकास वैभव को इस लड़ाई में अकेले नहीं छोड़ा जाएगा। किसी भी हालत में DG शोभा अहोटकर को सरकार कड़ी सीख दे, तभी आंदोलन खत्म होगा।