Bihar News : मांझी ने निकाली नीतीश कुमार के हवाई सर्वेक्षण की हवा, कहा-मजा लेने के लिए कर रहे हवाई सैर
Bihar News : नीतीश कुमार मजा लेने के लिए हवाई सर्वेक्षण कर रहे हैं। किसानों की समस्या से सीएम को कोई लेना देना नहीं है। बिहार में अपराधी व भ्रष्टाचारी बेलगाम हो चुके हैं। आमलोगों की बात तो छोड़िए, यहां पुलिस-पत्रकार भी सुरक्षित नहीं हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा सेकुलर(हमसे) के संस्थापक जीतन राम मांझी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा सुखाड़ प्रभावित जिलों का हवाई सर्वेक्षण किये जाने पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को किसानों की समस्या से कोई लेना देना नहीं है। बिहार में अपराधी और भ्रष्टाचारी बेलगाम हो चुके हैं। यहां प्रतिदिन हत्या हो रही है। बिहार में अपराधी बेलगाम हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि आमलोगों की बात तो छोड़िए, यहां पुलिस-पत्रकार भी सुरक्षित नहीं हैं। यह बातें उन्होंने औरंगाबाद में कही।
सरकारी योजनाओं में हो रहा भ्रष्टाचार
जीतन राम मांझी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हमला करते हुए कहा कि इनके सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार हो रहा है। 1700 करोड़ की लागत से बन रहे पुल उद्धाटन से पहले ही ध्वस्त हो रहे हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि बिहार में कितना भ्रष्टाचार व्याप्त है।
लॉ एंड ऑर्डर पर उठाया सवाल
जीतन राम मांझी ने कहा कि बिहार में लॉ एंड ऑर्डर की क्या स्थिति है इसको बस इसी बात से समझा जा सकता है कि अब घटना के गवाहों की दिनदहाड़े हत्या हो रही है। बेखौफ अपराधियों ने अपने भाई के गवाह पत्रकार विमल यादव की हत्या कर दी। पुलिस जवानों को अपराधियों द्वारा पीटा जा रहा है। यह सारी बातें इस बात के प्रमाण हैं कि बिहार में अपराध चरम पर है।
शराबबंदी के नाम पर नाटक
पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने कहा कि जब मैं नीतीश कुमार के साथ था, तब भी कहा था कि शराबबंदी अच्छी है, लेकिन यह जो शराबबंदी के नाम पर नाटक हो रहा है, उसको बंद कीजिए। जीतनराम मांझी ने कहा कि नाटक यह हो रहा है कि गरीबों को आधा बोतल शराब पीकर छह हजार रुपये का जुर्माना चुकाना पड़ रहा है। मांझी ने कहा कि शराबबंदी से पर्यटक भी प्रभावित हुए हैं।
जहरीली शराब बनाने का प्रचलन शुरू
जीतनराम मांझी ने कहा कि गरीबों को मारने का नीतीश कुमार ने अच्छा इंतजाम कर दिया है। आजकल जहरीली शराब बनाने का प्रचलन हो गया है। उन्होंने यह भी कहा कि मेरे घर में भी शराब बनता था। शराब बनाने में सात से आठ दिन का समय लगता है, लेकिन माफिया दो घंटे में शराब बना रहे हैं। इसके लिए यूरिया समेत अन्य जहरीली पदार्थों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिस वजह से शराब जहरीली हो रही है और लोगों की जान जा रही है। उन्होंने कहा कि 2005 में नीतीश कुमार घर-घर दारू का ठेका खोलकर पाप किया था, जिसका प्रायश्चित शराबबंदी करके कर रहे हैं।
इस वजह से मांझी आये थे औरंगाबाद
पूर्व मुख्यमंत्री को औरंगाबाद सदर प्रखंड के पोईवां गांव में औरंगाबाद नगर परिषद द्वारा कचरा फेंकने की शिकायत मिली थी। इसी का जायजा लेने मांझी औरंगाबाद पहुंचे थे। पोईवां गांव में जायजा लेने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने डीएम से बात कर समस्या का समाधान कराने की बात कही। साथ ही कई लोगों की समस्याओं को भी जीतन राम मांझी ने सुना। वहीं जीतनराम मांझी एसपी के व्यवहार पर नाराजगी भी जताई। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर जब एसपी को फोन किया तो कहा गया कि भेजवा दीजिएगा, देख लेंगे। जबकि उन्हें तत्काल संज्ञान लेना चाहिए था।