Bihar: गंगा किनारे मिला युवक का शव, मौत से पहले वीडियो में बोला- झूठे केस में फंसाए जाने के बाद से तनाव में था
आरती कुमारी ने बताया कि दो साल पहले भूषण को एक झूठे केस में फंसा दिया गया था। इसके बाद वह मानसिक तनाव से जूझ रहा था। मृतक ने 23 फरवरी को एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें उसने अपनी मौत का कारण यह बताया था।
विस्तार
पटना के खाजेकलां थाना क्षेत्र के सीता घाट (गंगा तट) से एक युवक का शव बरामद हुआ है। चेहरे और शरीर पर मिट्टी लगे हुए थे। शव दिखते ही इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों भीड़ लग गई। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एनएमसीएच भेज दिया। मृत युवक की पहचान पहचान लाल इमली फाटक निवासी भूषण रजक उर्फ अंकेश कुमार के रूप (32) में हुई है। परिजनों का कहना है कि भूषण 23 फरवरी से गायब था। आशंका है कि उसने आत्महत्या कर ली है।
मृत भूषण की भाभी आरती कुमारी ने बताया कि दो साल पहले भूषण को एक झूठे केस में फंसा दिया गया था। इसके बाद वह मानसिक तनाव से जूझ रहा था। मृतक ने 23 फरवरी को एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें उसने अपनी मौत का कारण शैली देवी और उसके परिवार पर आरोप लगाया था। भूषण ने वीडियो में बताया कि उसे प्रताड़ित किया गया और झूठे केस में फंसा दिया गया, इसके चलते वह तनाव में था।
पुलिस ने केस दर्ज करने से इनकार कर दिया था
आरती कुमारी ने बताया कि 23 फरवरी को जब भूषण गायब हुआ, तब हमलोगों ने थाना में शिकायत दर्ज करने के लिए आवेदन दिया, लेकिन थाना प्रभारी ने केस लेने से इनकार कर दिया और कहा कि पांच दिन बाद देखा जाएगा। फिलहाल, भूषण को ढूंढने की कोशिश करें। अगले दिन यानी 24 फरवरी को भूषण का शव सीता घाट पर मिला।
प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह आत्महत्या थी या फिर हत्या का मामला है। पुलिस घटना से जुड़े हर एक पहलू की जांच कर रही है। वहीं भूषण पिता अनिल रजक ने बताया कि अंकेश बीए पास करने के बाद प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। वह रविवार शाम से घर से लापता था। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल पाया था। अब उसकी लाश मिली तो हमलोग दंग रह गए।