Bihar में सम्राट के बोल: 'BJP के कारण लालू बने मसीहा, नीतीश कुमार को हम सियासी तौर पर मिट्टी में मिला देंगे'
Bihar : सम्राट चौधरी ने कहा- हमलोग बिहार के मुख्यमंत्री जी के तरह पलटी नहीं मारते हैं। पलटासन तो केवल उन्हीं के पास है। भाजपा ने सींचकर किसी व्यक्ति को कहां से कहां पहुंचा दिया।
विस्तार
भामाशाह की जयंती पर बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हमलोग बिहार के मुख्यमंत्री जी के तरह पलटी नहीं मारते हैं। पलटासन तो केवल उन्हीं के पास है। भाजपा ने सींचकर किसी व्यक्ति को कहां से कहां पहुंचा दिया। अगर भाजपा के 34 विधायकों का समर्थन नहीं होता तो गरीबों के जी मसीहा बनते हैं लालू प्रसाद जी, उनकी राजनीति उत्पत्ति ही नहीं होती। इतना ही नहीं सम्राट ने आगे कहा कि हमारे नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कमिटमेंट किया था कि नीतीश कुमार जी को ही मुख्यमंत्री बनाना है। इसलिए कार्यकर्ताओं ने काफी मेहनत की लेकिन इसके बावजूद नीतीश कुमार जी भाग गए। अब जब वह भाग ही गए तो हमलोग तो उनको राजनीतिक तौर पर नीतीश कुमार मिट्टी में मिलाने का काम करेंगे। 2024 और 25 में हमलोगों को पूरी तरह कमिटमेंट करना होगा कि जिस तरह से यूपी में अपराधी, आतंकवादी और उग्रवादी मिट्टी में मिलाने का काम किया जा रहा है उसी तरह बिहार में राजनीतिक तौर पर नीतीश कुमार जी को मिट्टी में मिलाने का काम किया जाएगा।
2020 के चुनाव में नीतीश कुमार की लोकप्रियता खत्म हो चुकी थी
इससे पहले सम्राट ने कहा कि नीतीश कुमार को तो भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पांच बार कंधे पर उठाकर राजभवन तक पहुंचाया कि आप मुख्यमंत्री बनो। 2020 के चुनाव में नीतीश कुमार की लोकप्रियता खत्म हो चुकी थी लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने कई बार कई बार कहा कि आपको काफी मेहनत करना पड़ेगा लेकिन नीतीश कुमार कहते थे नहीं हो जाएगा। तंज कसते हुए सम्राट ने कहा कि अरे कैसे हो जाएगा जनता तैयार नहीं है, आपको देखने के लिए। अब आप इतना पलटी मार चुके हैं कि भाजपा के एक-एक कार्यकर्ताओं को बदला लेना है।
रक्सौल एयरपोर्ट के लिए 263 करोड़ दिया लेकिन इनके पास जमीन नहीं
प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी चौधरी ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस पार्टी की सरकार है लेकिन वह भी अपने राज्य के विकास के लिए दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री मोदी से पैसा मांगने के लिए झोला लेकर पहुंच जाती है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दिल्ली कभी पैसा मांगने नहीं जाते। कभी उन्होंने नहीं कहा कि हमलोगों को एयरपोर्ट बना दीजिए। रक्सौल एयरपोर्ट पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने रक्सौल में एयरपोर्ट बनाने के लिए 263 करोड़ की राशि उपलब्ध करवाई गई। इनके पास जमीन ही नहीं है। 9 साल हो गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शपथ ग्रहण किए हुए। बगल के झारखंड में चार एयरपोर्ट और उत्तर प्रदेश में 8 एयरपोर्ट बन गए। लेकिन बिहार में नहीं बना क्योंकि हमारे मुख्यमंत्री जी सीधे हाथ उठा देते हैं। इसलिए हम लोगों कमिटमेंट करना होगा कि बिहार में सिर्फ लोकप्रिय सरकार की स्थापना करना जरूरी है। नरेंद्र मोदी जी को ताकत देना है तो बिहार में 40 के 40 सीटें जीतनी होगी।
भामाशाह के परिवार वालों ने लाठी और गोली खाकर कांग्रेस का विरोध किया
सम्राट चौधरी ने कहा कि शनिवार को हमलोग भामाशाह की जयंती मना रहे हैं। उनका इतिहास दोराहा सारे लोग जान रहे हैं। उन्होंने इस देश के निर्माण में कितना सहयोग किया यह सब लोग जानते हैं। लोग तो लड़ते हैं लेकिन पूरा दान करके लड़ें यह दूसरा कोई व्यक्ति नहीं कर सकता है। एक दानवीर कर्ण थे और दूसरे भामाशाह हुए। इन्होंने अपनी पूरी संपत्ति को अपना पूरा जीवन एक राजा को दान कर दिया। याद कीजिए 80 और 85 के दौर को उस समय भाजपा को वोट करने से लोग भागते थे लेकिन तब भी कोई थे तो केवल भामाशाह के परिवार वाले थे जो कि भाजपा के साथ खड़े रहे। भामाशाह के परिवार वालों ने लाठी और गोली खाकर भी कांग्रेस के अत्याचार का विरोध करते हुए भारतीय जनता पार्टी को खींचने का काम किया।