भागलपुर: चार साल से लापता भाई की तलाश में निकली बहन, हाथ में राखी लेकर बोली- मिल गया तो बांधकर ही लौटूंगी
भागलपुर में रक्षाबंधन के दिन एक बहन हाथ में राखी लेकर चार साल से लापता भाई की तलाश में निकल पड़ी। अनु सिंह को उम्मीद है कि इस बार उनका भाई मिल जाएगा और वह उसकी कलाई पर राखी बांधकर ही वापस लौटेंगी। भाई के सुल्तानगंज में दिखने की सूचना मिलने के बाद वह पति के साथ वहां भी पहुंचीं।
विस्तार
भागलपुर में रक्षाबंधन के दिन जब बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांध रही हैं, वहीं एक बहन हाथ में राखी लेकर चार साल से लापता अपने भाई को तलाशने निकल पड़ी है। बहन अनु सिंह का कहना है कि इस बार भाई मिल जाए तो उसकी कलाई पर राखी बांधकर ही वापस लौटूंगी।
अनु सिंह ने बताया कि उनके भाई को घर से लापता हुए करीब चार साल हो चुके हैं। वह बिना कुछ बताए घर से निकल गया था। परिवार ने उसकी तलाश के लिए कई जगह आवेदन भी दिया, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला।
तलाश के दौरान कई लोगों ने बताया कि उनके भाई को भागलपुर और आसपास के इलाकों में घूमते हुए देखा गया है। इसके बावजूद परिवार उसे खोज नहीं सका। रक्षाबंधन के दिन भाई की याद आने पर अनु हाथ में राखी लेकर उसकी तलाश में निकल पड़ीं।
ये भी पढ़ें- बिहार: साइकिल छीनने का विरोध पड़ा भारी, नौ साल के छात्र के सीने में घोंपी कैंची, ग्रामीणों ने आरोपी को दबोचा
स्टेशन पर एक बुजुर्ग ने बताया कि श्रावणी मेले के दौरान एक युवक दतवन बेच रहा था, जो उनके भाई जैसा दिख रहा था। इस जानकारी के बाद अनु अपने पति के साथ उसे तलाशने सुल्तानगंज पहुंचीं। बहन को अब भी उम्मीद है कि उसका भाई जरूर मिलेगा और इस रक्षाबंधन पर वह उसकी कलाई पर राखी बांध सकेगी।