Election 2025: राजद नेता रामचन्द्र बोले- पासी समाज के व्यवसाय को खत्म कर उन्हें जेल भेजने पर तुली सरकार
Bihar Election 2025: वरिष्ठ राजद नेता रामचन्द्र चौधरी ने अपील की कि आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार को सत्ता से बेदखल कर तेजस्वी यादव के नेतृत्व में सरकार बनाना है। नीतीश सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है।
विस्तार
भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित कृष्णानंद स्टेडियम में शनिवार को भव्य पासी महासम्मेलन का आयोजन किया गया। इसकी अगुवाई राजद के वरिष्ठ नेता रामचन्द्र चौधरी ने की। इस कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, धौरिया के पूर्व विधायक भूदेव चौधरी और अखिल भारतीय पासी समाज के अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी बतौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- Waqf Amendment: विरोध में सड़कों पर उतरीं मुस्लिम महिलाएं, डिप्टी मेयर बोलीं- सरकार मुसलमानों को टारगेट कर रही
‘पासी समाज के परंपरागत व्यवसाय पर खतरा’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजद के वरिष्ठ नेता रामचन्द्र चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार द्वारा पासी समाज के परंपरागत व्यवसाय को खत्म कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने अपील की कि आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार को सत्ता से बेदखल कर तेजस्वी यादव के नेतृत्व में सरकार बनाना है। नीतीश सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है। सूबे की जनता वर्तमान सरकार को बिल्कुल नापसंद करती है।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी और पूर्व विधायक भूदेव चौधरी ने भी नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि शराबबंदी के नाम पर पासी समाज को टारगेट किया जा रहा है, जबकि राज्य में खुलेआम शराब की बिक्री हो रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस की मिलीभगत से यह धंधा फल-फूल रहा है।
यह भी पढ़ें- Bihar News: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह बोले- पंचायती राज दिवस पर बिहार को यह सौगात देने आ रहे पीएम मोदी
27 अप्रैल को पटना में महासम्मेलन
रामचन्द्र चौधरी ने आगामी 27 अप्रैल को पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित होने वाले पासी महासम्मेलन में लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। राजद के नेताओं ने तेजस्वी यादव की योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने वादे के अनुसार अब तक पांच लाख युवाओं को नौकरी दी है, जबकि नरेंद्र मोदी सरकार केवल झूठे वादे करती रही है।
इस कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह, बुके, अंगवस्त्र और पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत करते हुए की गई। स्वागत राजद नेता रामचन्द्र चौधरी और उनकी धर्मपत्नी दया देवी द्वारा किया गया। जबकि मंच का संचालन राजद महिला उपाध्यक्ष डॉ. नैनिका और राजद नेता राजू यादव ने किया। इस मौके पर राजद जिलाध्यक्ष चन्द्रशेखर प्रसाद यादव, प्रखंड अध्यक्ष कैलाश प्रसाद यादव, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष मोहम्मद मेराज, शिशिर कुमार और मंजीत ठाकुर आदि मौजूद रहे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.