फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO: एसएसपी की मेल से हड़कंप, दो घंटे देरी से मतदान, निर्दलीय यतिन पांडे बने अध्यक्ष

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय छात्र महासंघ के चुनाव में बृहस्पतिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी की ओर से कुलपति और डीएसडब्ल्यू को भेजी गई एक ई-मेल के बाद चुनावी प्रक्रिया को अचानक रोक दिया गया। पुलिस प्रशासन को खुफिया इनपुट मिले थे कि कुछ विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों को धनबल और बाहुबल के आधार पर डराया धमकाया गया है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चुनाव से पहले सभी मतदाताओं की काउंसलिंग और ब्रीफिंग कराने की हिदायत दी। चुनाव प्रक्रिया रुकने की खबर मिलते ही छात्र नेताओं ने मतदान केंद्र पर उग्र विरोध जताना शुरू कर दिया, जिससे कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यही नहीं पूर्व छात्र महासंघ के अध्यक्ष आशीष कबड़वाल ने आत्मदाह की धमकी तक दे डाली। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल डीएसडब्ल्यू बोर्ड और प्रॉक्टर बोर्ड की आपातकालीन बैठक बुलाई गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि चुनाव स्थगित नहीं होगा और संशोधित चुनावी अधिसूचना जारी कर करीब दो घंटे की देरी से, यानी सुबह 10 बजे के बजाय 11:45 बजे मतदान शुरू कराया गया। तमाम सुरक्षा और प्रशासनिक मुस्तैदी के बीच संपन्न हुए चुनाव के बाद मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. मनोज कुमार आर्या ने बताया कि सभी पदों पर निर्विरोध चुनाव हुए। छात्र महासंघ के अध्यक्ष पद पर यतिन पांडे, (एमबी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय हल्द्वानी), उपाध्यक्ष पद पर जितेंद्र सिंह धामी (राजकीय महाविद्यालय, सितारगंज), छात्रा उपाध्यक्ष पद पर सुपर्णा भक्त (राजकीय महाविद्यालय, गदरपुर), सचिव पद पर संचित सिंह (एमबी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खटीमा), संयुक्त सचिव पद पर उदिती पांडे (राजकीय महाविद्यालय, हल्द्वानी शहर किशनपुर) और कोषाध्यक्ष पद पर भुवन चंद्र जोशी (पीएमजी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामनगर) विजयी घोषित किए गए। साथ ही शपथ के बाद उन्हें प्रमाण पत्र सौंपे गए। जीत के तुरंत बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष यतिन पांडे का स्वागत किया और उन्हें एबीवीपी का स्कार्फ पहना दिया। एबीवीपी ने दावा किया कि यतिन उनके प्रत्याशी हैं। इस पर दूसरे प्रतिद्वंद्वी काला झंडा संगठन ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। संगठन के पदाधिकारियों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि यतिन पांडे उनके प्रत्याशी हैं और एबीवीपी जबरन जीत का श्रेय लेने की कोशिश कर रही है। चुनाव संपन्न कराने में प्रो. ललित तिवारी, प्रो. गीता तिवारी, प्रो. एचसीएस बिष्ट, प्रो. महेंद्र राणा, डॉ. मनोज बिष्ट, डॉ. मोहित रौतेला, डॉ. दीपक मेलकानी, डॉ. विजय कुमार आदि मौजूद रहे। ---------- कोट... - मैं लंबे समय से एबीवीपी का निष्ठावान कार्यकर्ता रहा हूं, लेकिन इस बार मैंने विश्वविद्यालय प्रतिनिधि का चुनाव निर्दलीय लड़ा था और छात्र महासंघ का अध्यक्ष भी मैं निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में ही जीता हूं। मेरी प्राथमिकताएं हैं कि मैं कॉलेजों में प्लेंसमेंट, रोजगारपरक पाठ्यक्रम और शिक्षकों की मानदेय को लेकर काम करूं। - यतिन पांडे, नवनिर्वाचित अध्यक्ष --------- कोट... - पुलिस प्रशासन की ओर से दिए गए निर्देशों के क्रम में प्रत्येक विश्वविद्यालय प्रतिनिधि से संपर्क कर उन्हें काउंसलिंग के लिए बुलाया गया। हालांकि सभी प्रतिनिधि काउंसलिंग के लिए नहीं पहुंच सके। करीब पौने दो घंटे के बाद चुनावी प्रक्रिया संपन्न हुई। - प्रो. संजय पंत, डीएसडब्ल्यू व मुख्य चुनाव अधिकारी ---------- कोट... - पुलिस को विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों को धनबल और बाहुबल के माध्यम से प्रभावित किए जाने की सूचना मिली थी। इसी आधार पर मुख्य चुनाव अधिकारी और विश्वविद्यालय प्रशासन को पत्र भेजकर आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए- डॉ. मंजूनाथ टीसी एसएसपी नैनीताल

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें