आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के फराज टोला में रविवार को पति पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाकर एक महिला ने हंगामा किया। बच्ची के साथ पति के घर पहुंची महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति ने दूसरी शादी कर एक अन्य महिला को घर में रखा है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले गई। वहां महिला ने पति के खिलाफ लिखित तहरीर दी। प्रिया वर्मा नाम की महिला रविवार को बच्ची के साथ शुभम वर्मा के घर पहुंची थी। वहां विवाद बढ़ने पर उसने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई। प्रिया वर्मा ने शुभम वर्मा पर अब तक तीन से चार शादियां करने का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि उसने पहले भी पुलिस की मदद से उसकी चार शादियां तुड़वाई हैं। उसने शुभम वर्मा के खिलाफ कोतवाली में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।