सुल्तानपुर के अखंडनगर के लोरपुर में सोमवार दोपहर करीब 1:40 बजे हुई फायरिंग के मामले में वांछित आरोपी की तलाश में जुटी अखंडनगर पुलिस की बुधवार देर रात कुंदा भैरवपुर के पास बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के रोकने पर बाइक सवार बदमाश ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मुकेश कुमार वर्मा उर्फ मुन्ना वर्मा के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी बाइक छोड़कर भाग निकला। मुकेश मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के गोदलपुर गांव का रहने वाला है। पुलिस ने उसे सीएचसी अखंडनगर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। सीओ कादीपुर विनय गौतम ने अस्पताल पहुंचकर जानकारी ली। सीओ ने बताया कि कुंदा भैरवपुर गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे अंडरपास पर चेकिंग के दौरान नेमपुर की ओर से बाइक सवार दो युवक आए थे। रोकने पर एक ने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में मुकेश घायल हुआ। पूछताछ में उसने सोमवार को लोरपुर में पुराने विवाद के बाद हुई फायरिंग में साथियों के साथ शामिल होने की बात कही। थाना प्रभारी धीरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि भागे आरोपी की तलाश जारी है।