सुल्तानपुर में एक बुजुर्ग का शव पेड़ से लटका मिला। सोमवार सुबह करीब 7 बजे लोगों ने देखा तो भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना दोस्तपुर थाना क्षेत्र के गोसैसिंहपुर के पास एक बाग की है। मृतक की पहचान जयसिंहपुर कोतवाली के गोविंदपुर निवासी छोटेलाल (65) पुत्र राम सामऊज के रूप में हुई। वह मजदूरी करता था। रविवार को काम पर गया था, पर शाम को घर नहीं लौटा। परिजनों ने रात भर तलाश की। सुबह पेड़ की डाल से लटकती लाश मिली। दोस्तपुर इंस्पेक्टर नारद मुनि सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों से शिकायत नहीं मिली है। रिपोर्ट के आधार पर कानूनी कार्रवाई होगी। मृतक के बेटे ने बताया कि छोटेलाल मानसिक रूप से परेशान थे। दो साल से उनका इलाज चल रहा था। वह अपने पीछे पत्नी कबूतरा, बेटे गुरूदीन (36), अनिल (29) और बेटी संगीता को छोड़ गए हैं।