फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'जेन-जी को रोक पाना मुश्किल', सीतापुर में चंद्रशेखर के इतना कहते ही उग्र हो गई भीड़

यूपी के सीतापुर में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने शुक्रवार को मिश्रिख के मेला मैदान में आयोजित सामाजिक न्याय प्रचार यात्रा व कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता अभी से आगामी चुनावों की तैयारी में जुटें। कहा कि बहन-बेटियों पर हो रहे अत्याचार को रोकने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए यह लड़ाई लड़ी जा रही है। उन्होंने सत्ता पक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि अधिकारों की अनदेखी करने वालों और गुंडागर्दी वाली सरकार को उखाड़ फेंकना होगा। वहीं, इस सम्मेलन के दौरान जमकर हंगामा हुआ। चंद्रशेखर के एक बयान के बाद भीड़ बेकाबू हो गई। कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और कई युवा पंडाल के पाइपों पर चढ़ गए। इस दौरान मची अफरातफरी और भगदड़ में कई कार्यकर्ता गिरकर चोटिल हो गए। जनसभा में कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ा था। चंद्रशेखर आजाद जब मंच से संबोधन कर रहे थे, तभी उन्होंने कह दिया, "यह जीएनजी है, इनको रोक पाना मुश्किल है, इनको अंदर आने दो।" राष्ट्रीय अध्यक्ष का इतना कहते ही पांडाल के बाहर मौजूद समर्थक उग्र हो गए और सुरक्षा के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने लगे। जोश में होश खोए दर्जनों युवा कार्यकर्ता जान जोखिम में डालकर पंडाल के ऊंचे लोहे के ढांचे पर चढ़ गए। मंच संचालक और मौके पर तैनात पुलिसकर्मी लगातार लाउडस्पीकर से नीचे उतरने की अपील करते रहे, लेकिन समर्थकों ने एक न सुनी। अफरातफरी के माहौल के कारण वहां मौजूद मीडियाकर्मियों और पुलिस कर्मचारियों को खुद को बचाने के लिए पीछे हटना पड़ा। बाद में चंद्रशेखर आजाद ने स्वयं कमान संभाली और काफी मशक्कत के बाद कार्यकर्ताओं को समझा-बुझाकर शांत कराया। मिश्रिख सीओ विशाल गुप्ता ने कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही पार्टी पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे कि मंच से व्यवस्था बनाए रखने का एनाउंसमेंट कराया जाए और बैरिकेडिंग मजबूत रखी जाए। आरोप है कि आजाद समाज पार्टी के आयोजकों ने सीओ की हिदायत पर ध्यान नहीं दिया, जिससे यह स्थिति उत्पन्न हुई। पुलिसबल की मुस्तैदी और समझदारी से समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें