शाहजहांपुर में रविवार से सोमवार सुबह तक हुई रिकॉर्ड तोड़ बारिश ने शहर की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। महज 12 घंटे के अंदर 224 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इतनी अधिक बारिश होने से शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया। निचले इलाकों और कॉलोनियों में पानी घरों तक पहुंच गया। कई कॉलोनियां पानी से घिर गईं, जबकि दुकानों और प्रतिष्ठानों में पानी भरने से व्यापारियों को काफी नुकसान हुआ। बारिश के कारण नालियां और नाले उफन गए। सड़कों पर पानी जमा होने के साथ ही कई जगह पानी घरों और दुकानों में घुस गया। लोगों को घरेलू सामान और जरूरी वस्तुओं को पानी से बचाने के लिए रातभर मशक्कत करनी पड़ी।