संतकबीरनगर। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए मंगलवार को देर रात पुलिस ने खलीलाबाद शहर में पैदल गश्त किया। क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आमजन से संवाद कर उनकी समस्याओं व सुरक्षा संबंधी जानकारी ली। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर भी पुलिसकर्मियों ने नजर रखी। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों और आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। पदल गश्त में कोतवाली खलीलाबाद के प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दूबे समेत पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।