अनूपशहर मार्ग पर सोमवार दोपहर रफ्तार का कहर दो परिवारों पर भारी पड़ गया। गांव भगता नगला के समीप दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे के बाद घटनास्थल से अस्पताल तक चीख-पुकार और अफरातफरी का माहौल बना रहा। जानकारी के अनुसार, गांव केवलपुर तिपेड़ा निवासी बाबूजी (26) अपने साथी करन के साथ बाइक से बबराला आ रहे थे। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार गांव भगता नगला निवासी राकेश (26) और दिनेश बबराला से अपने गांव लौट रहे थे। दोपहर करीब 2:40 बजे नगर पंचायत के एमआरएफ सेंटर के कट के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार चारों युवक सड़क पर गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुन्नौर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने बाबूजी को मृत घोषित कर दिया, जबकि करन, राकेश और दिनेश की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। अलीगढ़ ले जाते समय रास्ते में राकेश ने भी दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि मृतक बाबूजी चार दिन पहले चंडीगढ़ से आया था। वह चंडीगढ़ में मजदूरी किया करता था। जबकि मृतक राकेश बबराला के बाबूराम सिंह भई इंटर कॉलेज के 11वीं कक्षा का छात्र था। वह अपने दादाजी को बबराला छोड़ कर अपने गांव जा रहा था।