रायबरेली में मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत क्षेत्र में नए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करने के साथ ही संशोधन और स्थानांतरण की प्रक्रिया तेज हो गई है। अभियान के तहत शनिवार को क्षेत्र के विभिन्न बूथों पर बीएलओ ने मौजूद रहकर मतदाताओं के आवेदन फॉर्म भरवाए। शहर में आचार्य द्विवेदी इंटर कालेज में शिविर लगा। गुदवाया में जूनियर हाईस्कूल में बूथ संख्या 424, 425, 426 और 427 पर बीएलओ दीपमाला, रीता मौर्य, सरोज यादव और शैलेन्द्र कुमार ने मतदाताओं के फॉर्म भरवाए। इस दौरान पहली बार मतदान करने के योग्य युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवेदन लिए गए। वहीं सूची में नाम, पता आदि की त्रुटियों को ठीक कराने और स्थान परिवर्तन से संबंधित फॉर्म भी जमा किए गए। बीएलओ ने बताया कि अभियान का उद्देश्य कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके साथ ही सूची में दर्ज विवरणों को सही कर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाया जा रहा है।