प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पर बृहस्पतिवार को पीलीभीत जिले में सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों की श्रृंखला चली। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार ने स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का उद्घाटन करने के साथ चिकित्सालय में भर्ती मरीजों को फल बांटे। कार्यक्रम में बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, एसपी सुकीर्ति माधव, सीएम बीसी पंत मौजूद रहे। ललौरीखेड़ा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नवजात शिशुओं की माताओं को फल वितरित किए गए, जबकि वृद्धाश्रम में बुजुर्ग माताओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना गया। दूसरी ओर नगर पालिका परिषद में चेयरमैन आस्था अग्रवाल के द्वारा आयोजित ‘मेरी कला मोदी जी के नाम’ चित्रकला प्रदर्शनी में बच्चों और युवा कलाकारों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रधानमंत्री की 76 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर 76 केक काटकर बच्चों में वितरित किए गए।